/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/23/ludhiana-by-poll-result-2025-06-23-14-15-56.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने परचम लहरा दिया है। AAP प्रत्याशी संजीव अरोड़ा ने जीत दर्ज कर ली है। आप प्रत्याशी की जीत से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। आम आदमी पार्टी ने इसे सेमीफाइनल की जीत बताया है।
पंजाब में सेमीफाइनल में मिली शानदार जीत।अब फाइनल की बारी है!!@ArvindKejriwal जी, @BhagwantMann जी, @MP_SanjeevArora जी और आम आदमी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को दिल से बधाई!
— Manish Sisodia (@msisodia) June 23, 2025
बधाई Team Punjab! https://t.co/k4G4P5RkTi
पंजाब में जीत के मायने
पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट के नतीजों पर सबकी निगहें टिकी हुईं थीं, चुुनावी परिणाम सामने आने से आम आदमी पार्टी में खुशी की लहर है। दरअसल, संजीव अरोड़ा राज्यसभा सदस्य थे, उनके विधायक बनने से राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पंजाब से अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं।
आप विधायक के निधन से खाली हुई सीट
मतगणना का काम लुधियाना के खालसा कॉलेज फॉर वुमेन में सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। दोपहर 2 बजे चुनावी नतीजे साफ हो गए। ये उपचुनाव गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद कराया गया है, जो आप पार्टी के विधायक थे। इस बार उपचुनाव में 51.33% मतदान हुआ, जो 2022 के विधानसभा चुनाव में हुए 64% मतदान से काफी कम है। चुनाव में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे।
पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर 19 जून को उपचुनाव के लिए मतदान हुए थे। हालांकि, गुजरात के कुछ मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी और शिकायतों के चलते चुनाव आयोग ने वहां दोबारा वोटिंग कराने का फैसला लिया। इसके तहत 21 जून को दोबारा मतदान कराया गया।
गुजरात में भी आप का परचम
गुजरात की एक सीट पर भी आम आदमी पार्टी ने परचम लहरा दिया है। गुजरात की विसावदर सीट पर AAP कैंडिडेट गोपाल इटालिया ने भारी अंतर से जीत हासिल की है। गोपाल इटालिया ने भाजपा के कीर्ति पटेल को 17554 वोटों से शिकस्त दी है।
गुजरात की कडी सीट पर भाजपा की जीत
गुजरात की कडी सीट पर भाजपा के राजेंद्र कुमार (राजूभाई) दानेश्वर चावड़ा ने जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस उम्मीदवार रमेशभाई चावड़ा को 39452 वोटों से हराया है।
केरल में कांग्रेस
केरल की नीलांबुर सीट के नतीजे भी साफ हो चुके हैं। नीलांबुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के प्रत्याशी आर्यदान शौकत ने 11077 वोटों से जीत दर्ज की है।