Advertisment

Weather: हिमालय से मैदानी इलाकों तक बढ़ी कड़ाके की ठंड, कश्मीर में पारा शून्य से नीचे पहुंचा

हिमालयी राज्यों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी। कश्मीर घाटी में पारा शून्य से नीचे, हिमाचल के ताबो में -7°C, पंजाब-हरियाणा और दिल्ली में भी तापमान गिरावट जारी।

author-image
Dhiraj Dhillon
weather 26 november 2025

नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। ठंड बढ़ रही है। जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक हिमालय की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। कश्मीर घाटी शीतलहर की चपेट में है और अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 5 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया है।श्रीनगर में सोमवार-मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान -3.1°C दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर का शोपियां सबसे ठंडा रहा, जहां पारा -5.4°C तक पहुंच गया। पहलगाम में तापमान -4.4°C दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर में एक दिसंबर तक आसमान साफ रहने की संभावना है।

अरुणाचल में बर्फबारी, हिमाचल में भी ठंड बढ़ी

अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में भारी बर्फबारी के कारण बुजुर्ग पर्यटकों का एक समूह फंस गया। कठिन प्रयासों के बाद सभी को सुरक्षित निकाला गया। तवांग के साथ पश्चिम कामेंग, शि-योमी और ऊपरी सुबनसिरी में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का असर तेज हो गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में तापमान -7°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मैदानी जिलों में कोहरे के लिए 27 नवंबर तक यलो अलर्ट जारी किया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.2°C रहा। आने वाले दिनों में राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पंजाब- हरियाणा में गिरा पारा, दिल्ली हुई ठंडी

पंजाब में फरीदकोट लगातार दूसरे दिन सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 4°C दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 6.3°C रहा। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग में तापमान 7.6°C और कलिम्पोंग में 11°C दर्ज हुआ। दिल्ली में भी ठंडक बढ़ रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.3°C कम है। अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है, जबकि 29 नवंबर से हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
weather | current weather conditions | delhi ncr weather forecast | imd weather forecast today | india weather forecast
delhi ncr weather forecast india weather forecast current weather conditions weather imd weather forecast today
Advertisment
Advertisment