/young-bharat-news/media/media_files/2025/12/04/vladimir-putin-2025-12-04-11-47-55.jpg)
Photograph: (X.com)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। भारत यात्रा पर आ रहे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार शाम नई दिल्ली पहुंचेंगे। वह 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। यूक्रेन के साथ संघर्ष शुरू होने के बाद पुतिन की यह पहली भारत यात्रा है। बता दें कि पुतिन पिछली बार दिसंबर, 2021 में भारत आए थे। आज से शुरू हो रही पुतिन की यह दो दिवसीय यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही है।
पीएम निजी रात्रिभोज का करेंगे आयोजन
आगमन के बाद प्रधानमंत्री मोदी पुतिन के लिए निजी रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। 5 दिसंबर (शुक्रवार) को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत और त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद पुतिन राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे और उसके बाद हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।
चर्चा में शामिल होंगे क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे
दोनों देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था, कृषि, विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े 10 से अधिक अंतर-सरकारी समझौते और 15 से अधिक वाणिज्यिक एमओयू तैयार किए जा रहे हैं। क्रेमलिन के अनुसार, चर्चाओं में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दे भी शामिल रहेंगे। बैठक के बाद संयुक्त प्रेस बयान जारी होगा। दोनों नेता फिक्की और रूस के रोसकॉनग्रेस द्वारा आयोजित बिजनेस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पुतिन आईटीसी मौर्य में रूसी चैनल RT के भारतीय संस्करण की शुरुआत भी करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनके सम्मान में राज्य भोज देंगी।
रक्षा सहयोग होगा मुख्य एजेंडा
रक्षा सहयोग मुख्य एजेंडा होगा। क्रेमलिन ने संकेत दिया है कि अतिरिक्त S-400 मिसाइलों और Su-57 स्टेल्थ फाइटर जेट पर चर्चा संभव है। ब्रह्मोस परियोजना को तकनीकी सहयोग का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया गया है। वहीं परमाणु ऊर्जा सहयोग पर एक नए समझौते की संभावना भी जताई गई है।
द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर तक लाने का लक्ष्य
दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। वित्त वर्ष 2024-25 में व्यापार 68.7 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुका है। इसके अलावा RELOS समझौते के तहत सैन्य सहयोग और लॉजिस्टिक सपोर्ट प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित किया जाएगा।
Vladimir Putin India Visit | pm modi | India Russia Friendship | India Russia relations | India Russia Trade 2025
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/11/dXXHxMv9gnrpRAb9ouRk.jpg)