नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। भारत ने बुधवार को जब पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terror Attack) के जवाब में शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के बारे में सिलसिलेवार जानकारी दी, तो कर्नल सोफिया कुरैशी (Sofia Qureshi) उन दो महिला अधिकारियों में शामिल थीं, जिन्होंने सारी ब्रीफिंग की। विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ कर्नल कुरैशी ने एक सिलसिलेवार प्रस्तुति दी, जिसमें पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविरों के नक्शे और हमलों की फुटेज भी शामिल थी।
सिग्नल कोर की अफसर हैं कर्नल सोफिया कुरैशी
कर्नल सोफिया कुरैशी सिग्नल कोर की अफसर हैं। उनकी उपलब्धियां अनुकरणीय हैं। वो एक बड़े बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला अधिकारी हैं। 2016 के फरवरी और मार्च में कर्नल कुरैशी ने भारतीय सेना की 40 सदस्यीय टुकड़ी का नेतृत्व किया था। उस दौरान वो लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर कार्यरत थीं। कर्नल कुरैशी के दादा भी भारतीय सेना में सेवारत थे। बहुराष्ट्रीय फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास (एफटीएक्स) में आसियान प्लस देश शामिल थे। उस समय यह भारत में आयोजित किया गया था। यह अब तक का सबसे बड़ा ग्राउंड फोर्सेस अभ्यास था। इसकी थीम माइन एक्शन और शांति अभियान थी। कर्नल सोफिया कुरैशी बायोकेमिस्ट्री में पीजी हैं। उन्होंने 2006 में कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान में काम किया है। अपने करियर के दौरान कई वर्षों तक पीकेओ से भी जुड़ी रही हैं।
दिवंगत बिपिन रावत ने कुछ इस अंदाज में की थी सराहना
जब सोफिया कुरैशी ने इंडियन आर्मी ज्वाइन की तब भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ दिवंगत जनरल बिपिन रावत दक्षिणी कमान के कमांडर थे। उनसे सोफिया के बारे में सवाल किया गया तो उनका कहना था कि उन्हें इसलिए नहीं चुना गया क्योंकि वो एक महिला हैं, उनमें जिम्मेदारी उठाने की क्षमता और नेतृत्व के गुण हैं।
India Pakistan conflict | Operation Sindoor | operation sindoor air strike