Advertisment

Top Headlines LIVE : अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को परिवार कल्याण मंत्रालय की पहली मेंटल हेल्थ एंबेसडर नियुक्त किया

दिनभर की प्रमुख खबरों का हाल: फटाफट अपडेट के लिए यंग भारत न्यूज' लाइव ब्लॉग देखें। नोबेल शांति पुरस्कार ऐलान होते ही US के राष्ट्रपति ट्रंप काफी निराश हुए। व्हाइट हाउस ने कहा कि नोबेल समिति ने साबित कर दिया है कि वे शांति से ऊपर राजनीति को महत्व देते हैं।

author-image
YBN News
एडिट
New Update
Depika with JP Nadda

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ अभिनेत्री जेपी नड्डा। एक्स

कुछ दिन पहले अबु धाबी में विज्ञापन शूट में हिजाब पहनने को लेकर ट्रोलर के निशाने पर आईं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पहली मेंटल हेल्थ एंबेसडर नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर इस संबंध में जानकारी शेयर की है, जिसमें लिखा गया है कि "प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पहली मेंटल हेल्थ एंबेसडर नियुक्त किया गया है।

उन्होंने इस पद को ग्रहण करने पर गहरा सम्मान व्यक्त किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के चल रहे प्रयासों का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता पर ज़ोर दिया। इस सहयोग के साथ, उनका उद्देश्य देश के मानसिक स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूत करने में योगदान देना है, जो मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने में भारत द्वारा की गई महत्वपूर्ण प्रगति पर आधारित है।

: top news in hindi | top news delhi today | top news in english | Today Top News | India Top News | bihar top news

  • Oct 10, 2025 23:05 IST

    अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को परिवार कल्याण मंत्रालय की पहली मेंटल हेल्थ एंबेसडर नियुक्त किया

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। कुछ दिन पहले अबु धाबी में विज्ञापन शूट में हिजाब पहनने को लेकर ट्रोलर के निशाने पर आईं अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पहली मेंटल हेल्थ एंबेसडर नियुक्त किया गया है। 

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर इस संबंध में जानकारी शेयर की है, जिसमें लिखा गया है कि "प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की पहली मेंटल हेल्थ एंबेसडर नियुक्त किया गया है। उन्होंने इस पद को ग्रहण करने पर गहरा सम्मान व्यक्त किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के चल रहे प्रयासों का समर्थन करने की अपनी प्रतिबद्धता पर ज़ोर दिया। इस सहयोग के साथ, उनका उद्देश्य देश के मानसिक स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूत करने में योगदान देना है, जो मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने में भारत द्वारा की गई महत्वपूर्ण प्रगति पर आधारित है। यह साझेदारी जागरूकता बढ़ाने और पूरे देश में मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"



  • Oct 10, 2025 22:05 IST

    घुसपैठ, जनसांख्यिकीय परिवर्तन और लोकतंत्र इन तीन मुद्दों पर चिंतन करें : अमित शाह

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज घुसपैठ, जनसांख्यिकीय परिवर्तन और लोकतंत्र, जब तक हर भारतीय इन तीन मुद्दों को नहीं समझेगा, हम अपने देश, अपनी संस्कृति, अपनी भाषाओं और अपनी स्वतंत्रता को सुनिश्चित नहीं कर सकते। ये तीनों विषय आपस में जुड़े हुए हैं। हिंदी दैनिक समाचार पत्र के व्याख्यान समारोह को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा मैं बिना किसी हिचकिचाहट के कहना चाहता हूं कि  घुसपैठ, जनसांख्यिकीय परिवर्तन और लोकतंत्र जैसे विषय पर विचार करना जरूरी है।

    उन्होंने कह कि वर्ष 1951, 1971, 1991 और 2011 में जनगणना हुई। 1951 की जनगणना में हिंदुओं की संख्या 84% थी, जबकि मुसलमानों की संख्या 9.8% थी। 1971 में हिंदुओं की संख्या 82% थी और मुस्लिम आबादी 11% थी, जबकि 1991 में हिंदुओं की संख्या 81% थी और मुस्लिम समुदाय 12.12% था मैं धर्मों के बारे में बात करना चाहता हूं, क्योंकि मैं घुसपैठ के बारे में बात करना चाहता हूं। इसलिए इन आंकड़ों को जरूर देखा जाना चाहिए।



  • Oct 10, 2025 21:33 IST

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निभाईं करवा चौथ की रस्में, चांद देखने के बाद अपना व्रत खोला

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के रूप में शुक्रवार को चंद्रमा देखकर अपना व्रत खोला और रस्में निभाईं। इस दौरान उनके पति मनीष गुप्ता ने अपने हाथों से उनको जल पिलाकर उपवास खुलवाया। आज दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में करवा चौथ का चांद देखकर महिलाओं ने व्रत खोला और विधिवत तरीके से पूजा की।   दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "बहुत शुभ अवसर है। पूरे देश में बहनें अपने सुहाग के लिए ये व्रत रखती हैं। हमारे देश का ये बहुत बड़ा पर्व है। रेखा  गुप्ता ने कहा आज दिल्ली की मेरी सभी बहनों को मेरी ओर से ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं।"
    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के पति मनीष गुप्ता चंद्र दर्शन के लिए अपने आवास की छत पर पहुंचीं। उन्होंने पारंपरिक तरीके से पहले चंद्र दर्शन किया। फिर पति मनीष गुप्ता का टीका करके उनके पांव छूकर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात मनीष गुप्ता ने उन्हें पीतल के लोटे से जला पिलाकर उपवास खुलवाया। मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता का यह पहला करवा चौथ था। बता दें कि हिंदू धर्म में करवा चौथ का खास महत्व है। पतिकी दीर्घायु और मंगलकामना के लिए भारतीय हिंदू महिलाएं उपवास करतीं हैं।



  • Oct 10, 2025 20:25 IST

    सबरीमाला सोना गायब विवाद पर त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष के आवास पर भाजपा का प्रदर्शन

    केरल, वाईबीएन डेस्क : भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सबरीमाला सोना गायब विवाद पर त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के अध्यक्ष पीएस प्रशांत के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस  तैनात किया गया था।

    उल्लेखनीय है कि केरल में पतनमतिट्टा जिले की पहाड़ियों पर स्थित सबरीमाला मंदिर में स्थापित मूर्तियों से सोने की चोरी की पुष्टि हो गई है। त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (TDB) की सतर्कता और सुरक्षा शाखा ने शुक्रवार को केरल हाई कोर्ट को चोरी के संबंध में अपनी रिपोर्ट सौंपी है, जिसके बाद केरल हाई कोर्ट ने चोरी की पुष्टि की। कोर्ट ने रिपोर्ट राज्य पुलिस प्रमुख को सौंपने का निर्देश दिया है, जो विशेष जांच दल को मामला दर्ज करने का निर्देश देंगे।
    इस मामले की एसआईटी को 6 हफ्ते में सौंपनी है रिपोर्ट। सुनवाई के दौरान, न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन और न्यायमूर्ति केवी जयकुमार की खंडपीठ ने केरल पुलिस प्रमुख रावदा ए चंद्रशेखर को अतिरिक्त प्रतिवादी के रूप में शामिल किया है। कोर्ट ने कहा कि जो साक्ष्य सामने आए हैं, उसमें सबरीमाला श्रीकोविल (गर्भगृह) के साइड फ्रेम और लिंटेल में सोने के दुरुपयोग का संकेत है, जो द्वारपालक मूर्तियों पर सोने की परत चढ़ाने में पहले हुई अनियमितता जैसा है।



  • Oct 10, 2025 19:46 IST

    शांति का नोबेल विजेता मारिया ने दिखाया बड़ा दिल, बोलीं- यह पुरस्कार ट्रंप को समर्पित

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। वेनेज़ुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने विशाल हृदय दिखाते हुए शुक्रवार को कहा है कि मैं नोबेल पुरस्कार अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को हमारे उद्देश्य का समर्थन करने के लिए समर्पित करती हूं।मचाडो ने डोनाल्ड ट्रंप को पछाड़कर 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार जीता है। उन्होंने शुक्रवार को वेनेज़ुएला के 'पीड़ित' लोगों के साथ खड़े होने के "निर्णायक उद्देश्य" का समर्थन करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रशंसा की।
    बता दें कि नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने मारिया कोरिना मचाडो को लोकतांत्रिक अधिकारों को बढ़ावा देने और वेनेजुएला में तानाशाही से लोकतंत्र में शांतिपूर्ण संक्रमण की वकालत करने के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया है।

    मचाडो को पिछले वर्ष के चुनाव के बाद धमकियों का सामना करने और छिपने के लिए मजबूर होने के बावजूद, मचाडो वेनेजुएला के विपक्ष में एक एकजुटता का प्रतीक रहे हैं। पिछले वर्ष के चुनाव को वर्तमान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो द्वारा धांधली के रूप में देखा गया था।



  • Oct 10, 2025 19:14 IST

    हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा से मुलाकात

    हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा से मुलाकात

    नई दिल्ली वाईबीएन डेस्क। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा से मुलाकात की। बता दें कि सोमवार को चंडीगढ़ में स्थित पार्टी मुख्यालय में नरेंद्र सिंह ने पदभार संभाला था, इसमें सिरसा की सांसद सैलजा कुमारी उपस्थित नहीं थी। आज मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य में संगठन को सृदृढ़ करने पर चर्चा हुई। इससे पहले राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की थी। 

    कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ​​​​​​राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि "पार्टी ने एक छोटे से कार्यकर्ता को पीसीसी का अध्यक्ष बनाने का काम किया है। मेरे पास कोई सिफारिश तक नहीं थी, लेकिन राहुल गांधी और हाईकमान के सभी नेताओं ने मुझे ये जिम्मेदारी दी। जिसको मैं पूरी मेहनत के साथ में पूरा करके दिखाउंगा। बता दें अपने शपथ ग्रहण के दौरान दिए भाषण में राव नरेंद्र ने हाईकमान पर फोकस रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं को अनुशासन में रहने और सबको साथ लेकर चलने की बात कही। उन्होंने बताया कि "पार्टी में संगठन में काम करना थोड़ा कठिन होगा, लेकिन भरोसा है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्षों की टीम पर कि हम सभी कार्यक्रम गांव और बूथ स्तर तक ले जाएंगे। कांग्रेस चार साल तक पूरी मजबूती के साथ विपक्ष की भूमिका में दिखाई देगी।"



  • Oct 10, 2025 18:40 IST

    भारत की धरती से अफगान विदेश मंत्री की पाकिस्तान को चेतावनी, हमें हल्के में न लें

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क : भारत पहुंचे अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्तकी ने शुक्रवार को पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा है कि अफगानों के साहस की परीक्षा नहीं ली जानी चाहिए। हम भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ बेहतर संबंध चाहते हैं, लेकिन यह एकतरफा नहीं हो सकता।
    अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने कहा, "मैं सभी का स्वागत करता हूं और दिल्ली आकर प्रसन्न हूं। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री के रूप में यह मेरी पहली भारत यात्रा है। मैं भारतीय विदेश मंत्री और भारत सरकार द्वारा दिखाए गए गर्मजोशी भरे आतिथ्य की सराहना करता हूं।"

    उन्होंने भारत में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, अफगानों के साहस की परीक्षा नहीं ली जानी चाहिए। अगर कोई ऐसा करना चाहता है, तो उसे सोवियत संघ, अमेरिका और नाटो से पूछना चाहिए, ताकि वे समझा सकें कि अफगानिस्तान के साथ खेलना ठीक नहीं है...।"

    'हमने बातचीत का दरवाजा खुला रखा है'

    अफगानिस्तान के विदेश मंत्री ने आगे कहा, "सीमा के पास दूरदराज के इलाकों में हमला हुआ है। हम पाकिस्तान की इस हरकत को गलत मानते हैं। समस्याओं का समाधान ऐसे नहीं हो सकता। हमने बातचीत का दरवाजा खुला रखा है। उन्हें अपनी समस्या खुद ही सुलझानी चाहिए।"



  • Oct 10, 2025 18:13 IST

    आजादी के इतने वर्षों बाद भी जातीय आधार पर उत्पीड़न दुर्भाग्यपूर्ण, IPS पूरन कुमार की आत्महत्या पर बोले चिराग

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क : हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की कथित आत्महत्या से हुई मौत पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "जिस तरह से वाई. पूरन कुमार के साथ यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है, यह दर्शाता है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी ऐसी मानसिकता वाले लोग देश में और व्यवस्था में मौजूद हैं जो आज भी जात, धर्म, मजहब के आधार पर उत्पीड़न करते हैं। 

    इस घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। आज मेरी हरियाणा के मुख्यमंत्री से बात हुई, स्वर्गीय वाई. पूरन कुमार की पत्नी से भी बात हुई। मैंने इस भावना को ना केवल मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का काम किया बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक भी यह पहुंचाने का काम किया। इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 6 सदस्यीय SIT का गठन कर दिया गया है।" इस मामले में न्याय अवश्य होगा।



  • Oct 10, 2025 18:02 IST

    फर्जी पूर्व सैनिक बनकर FCI में नौकरी, ATS ने 28 आरोपी दबोचे 

    राजस्थान ATS ने 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है जिसमें पूर्व सैनिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्ड बनकर काम करते थे। ये सभी आरोपी जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल करके भारतीय खाद्य निगम (FCI) में सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति कर रहे थे। ATS की जांच में पता चला कि उनकी भर्ती सुरक्षा एजेंसियों के ज़रिए हुई थी और उनके सभी दस्तावेज़ फ़र्ज़ी थे।

    ATS-SOG के एडीजी वीके सिंह और आईजी विकास कुमार ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि "स्क्वायर पिरामिड" नाम का यह ऑपरेशन एफसीआई के गोदामों और कार्यालयों की सुरक्षा में तैनात इन गार्डों की जाँच के दौरान चलाया गया था। उन्होंने खुलासा किया कि ये गार्ड असली पूर्व सैनिक नहीं थे।

    फ़र्ज़ी दस्तावेज़ों के बदले 40,000-50,000 रुपये लिए गए थे

    आईजी विकास कुमार ने बताया कि एफसीआई में लगभग 90 प्रतिशत भर्तियां सुरक्षा एजेंसियों के ज़रिए होती हैं। इन सुरक्षा गार्डों को 21,000 रूपए मासिक वेतन दिया जाता है। जांच में पता चला कि प्रत्येक व्यक्ति से नकली पूर्व सैनिक बनकर 40,000 से 50,000 हजार के बीच शुल्क लिया जाता था। इसके अलावा, दलालों को अपने मासिक वेतन का एक हिस्सा भी बांटना पड़ता था। 

    एटीएस को सूचना मिली थी कि एफसीआई में कई सुरक्षा गार्ड फर्जी दस्तावेजों के आधार पर काम कर रहे हैं। इसके बाद, राजस्थान में 31 स्थानों पर एक साथ छापे मारे गए। आतंकवादी हमले की रोकथाम के अभ्यास की आड़ में, सभी सुरक्षा गार्डों को एक स्थान पर बुलाया गया। उनके अनुभव और साख की जांच के बहाने उनसे दस्तावेज एकत्र किए गए। जांच में दस्तावेजों के फर्जी होने का पता चलने के बाद, 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

    वर्तमान में गिरफ्तार सभी 28 आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर काम कर रहे थे। इस पूरे मामले में दलालों की भूमिका महत्वपूर्ण पाई गई है, और उनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। एटीएस अन्य एजेंसियों के कर्मियों और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। आईजी विकास कुमार ने बताया कि गहन जांच चल रही है और आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।



  • Oct 10, 2025 17:46 IST

    आ गई IPL 2026 ऑक्शन की तारीख, 15 नवंबर तक खिलाड़ी होंगे रिटेन

    साल 2026 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नीलामी की तारीख को लेकर बड़ा अपडेट आ रहा है। रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि नीलामी 13 से 15 दिसंबर के बीच होने की संभावना है। यह जानकारी फ्रैंचाइज़ी अधिकारियों ने BCCI के साथ बातचीत के बाद साझा की है। हालांकि, IPL गवर्निंग काउंसिल ने अभी तक कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा नहीं की है।

    क्रिकबज़ की एक रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि नीलामी कहां होगी या इसे फिर से विदेश में आयोजित किया जाएगा या नहीं। गौरतलब है कि पिछली दो नीलामी विदेश में हुई थीं। 

    साल 2023 की नीलामी दुबई में और साल 2024 की नीलामी सऊदी अरब के जेद्दा में हुई थी। 

    सूत्रों ने क्रिकबज़ को बताया कि इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है कि भारत में भी एक छोटी नीलामी हो सकती है। यह निर्णय अभी अंतिम रूप नहीं लिया गया है।



  • Oct 10, 2025 16:59 IST

    IPS पूरन कुमार आत्महत्या केस की जांच SIT करेगी

    हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की कथित आत्महत्या की जांच के लिए आईजीपी चंडीगढ़ के आईजी पुष्पेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक 6 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। 



  • Oct 10, 2025 16:08 IST

    Punjab राज्यसभा चुनाव: AAP उम्मीदवार राजिंदर गुप्ता ने दाखिल किया नामांकन

    आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राजिंदर गुप्ता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा की मौजूदगी में राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। 



  • Oct 10, 2025 15:37 IST

    Nobel Peace Prize: ट्रंप को नहीं, मारिया कोरिना को मिला नोबेल शांति पुरस्कार

    साल 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा हो गई है। वेनेजुएला की मारिया कोरिना मचाडो को यह सम्मान मिला है। इसके साथ ही, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस पुरस्कार से चूक गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उम्मीदों पर पानी फेरते हुए, 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार शुक्रवार (10 अक्टूबर) को वेनेजुएला की मुख्य विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो को प्रदान किया गया, जो इस समय अपने ही देश में छिपी हुई हैं।



  • Oct 10, 2025 15:16 IST

    Manipur : भाजपा संग मैतेई और कुकी विधायकों की बैठक, सरकार गठन की कोशिशें तेज़

    मणिपुर में राष्ट्रपति शासन हटाने और नई सरकार बनाने की कोशिशें तेज़ हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिलने और सरकार गठन पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।

    सूत्रों के अनुसार, कई मैतेई विधायक मणिपुर में सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कुकी विधायकों से सक्रिय रूप से संपर्क कर रहे हैं।

    मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष सत्यब्रत ठाकुर, विधायक ब्रोजोन पाओनम (वांगजिंग टेंथा) और रॉबिनड्रो टोंगब्राम ने कथित तौर पर दिल्ली में पूर्व कुकी मंत्री लेतपाओ हाओकिप से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि ये विधायक बिहार विधानसभा चुनाव के बाद मणिपुर में सरकार बनाने के लिए पार्टी नेतृत्व को राजी कर रहे हैं।



  • Oct 10, 2025 14:56 IST

    कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत: CBI से जांच की मांग वाली याचिका SC ने खारिज की

    सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप पीने से हुई बच्चों की मौत मामले में CBI जांच की मांग वाली जनहित याचिका को खारिज कर दिया है।



  • Oct 10, 2025 14:32 IST

    Pakistan : लाहौर और इस्लामाबाद में जमकर हिंसक प्रदर्शन, इंटरनेट सेवाएं ठप

    पाकिस्तान के लाहौर और इस्लामाबाद में जमकर हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। पुलिस और टीएलपी समर्थकों के बीच झड़प हुई है। स्थिति को देखते हुए 3जी और 4जी सेवा पूरी तरह से ठप है। इस हिंसक झड़प के कइयों के घायल होने की खबर मिल रही है।



  • Oct 10, 2025 13:56 IST

    Bihar : भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पटना पहुंचीं

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह  अचानक पटना पहुंच गई हैं। खबर है कि वह आज, शुक्रवार, 10 अक्टूबर को जनसुराज नेता प्रशांत किशोर से मुलाकात करेंगी। जनसुराज के आरा ज़िले की किसी सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा भी है।



  • Oct 10, 2025 13:28 IST

    Assam : गायक जुबीन गर्ग मर्डर केस में आया बड़ा अपडेट

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । गुवाहाटी सीजेएम कोर्ट ने ज़ुबीन गर्ग के निजी सुरक्षा अधिकारियों (PSO) नंदेश्वर बोरा और परेश बैश्य को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

    असम पुलिस की SIT/CID ​​ने 10 अक्टूबर को दिवंगत गायिका के दो निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) को गिरफ्तार किया। SIT/CID ​​टीम ने नंदेश्वर बोरा और परेश बैश्य को गिरफ्तार किया, जो लंबे समय से ज़ुबीन गर्ग के निजी सुरक्षा अधिकारियों के रूप में कार्यरत थे। उन्हें सीजेएम कोर्ट ले जाया जा रहा है।



  • Oct 10, 2025 12:53 IST

    Kabul-New Delhi के बीच हवाई सेवा होगी शुरू: Afghan विदेश मंत्री मुत्तकी संग बैठक में बोले जयशंकर

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मावलवी अमीर खान मुत्तकी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, "अफगानिस्तान में खनन के अवसरों का पता लगाने के लिए भारतीय कंपनियों को आपका निमंत्रण भी अत्यंत सराहनीय है। 

    विदेशमंत्री ने कहा कि इस पर आगे चर्चा की जा सकती है। व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देने में हमारी साझा रुचि है। मुझे काबुल और नई दिल्ली के बीच अतिरिक्त उड़ानें शुरू होने की जानकारी पाकर खुशी हो रही है..."



  • Oct 10, 2025 12:36 IST

    West Bengal : ED का निगम नौकरी घोटाले केस में बड़ा एक्शन, 11 ठिकानों पर छापेमारी

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । प्रवर्तन निदेशालय (ED) कथित नगर निगम नौकरी घोटाले के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के मंत्री सुजीत बोस के आवास और कार्यालयों समेत पश्चिम बंगाल में 11 ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है। ईडी ने इस मामले में सीबीआई की प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज किया है।

    एक अन्य केस में भी ईडी का छापा

    समाचार एजेंसी एएनआई ने एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि प्रवर्तन निदेशालय का कोलकाता क्षेत्रीय कार्यालय 2,700 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी के मामले में गणेश ज्वेलरी के मामले में 12 परिसरों (कोलकाता में 10, हैदराबाद में एक और अहमदाबाद में एक) पर तलाशी ले रहा है।



  • Oct 10, 2025 12:19 IST

    IND vs WI : पहले दिन लंच तक भारत पहली पारी में 94/1, राहुल 38 रन बनाकर आउट

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । आज 10 अक्टूबर से भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत हो चुकी है। यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। 

    टीम इंडिया ने पहला टेस्ट पारी के अंतर से जीता था। दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और लंच ब्रेक तक भारत ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 94 रन बना लिए हैं। 

    फिलहाल यशस्वी जायसवाल 78 गेंद में 40 रन और साई सुदर्शन 36 गेंद में 16 रन बनाकर नाबाद है। केएल राहुल 38 रन बनाकर जोमेल वारिकन का शिकार बने। वारिकन ने उन्हें विकेटकीपर इमलाक के हाथों स्टंप आउट कराया। 



  • Oct 10, 2025 12:07 IST

    नित्यानंद संग बैठक के बाद बोले चिराग पासवान: जहां PM मोदी हैं वहां मुझे अपने सम्मान की चिंता नहीं

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । नित्यानंद राय से बैठक के बाद चिराग पासवान ने कहा कि हमारी बैठक बहुत ही सकारात्मक रही है। कई मुद्दों पर चर्चा हुई है, जिस बात का इंतजार था वह बहुत जल्द आने वाला है।

    सीट शेयरिंग के अतिरिक्त भी कई सारे मुद्दे हैं, जिसमें की रैलियां होनी है। तमाम तरह की चीज हैं। इसको लेकर भी बातचीत जारी है। सारी चीज सकारात्मक रूप से चल रही है।



  • Oct 10, 2025 11:44 IST

    Bihar : 24 घंटे में चौथी बार चिराग से मिलने पहुंचे नित्यानंद राय

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । बिहार की राजनीति में पिछले 24 घंटों के भीतर काफी उठापटक का दौर देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में चिराग पासवान से मुलाकात के लिए नित्यानंद राय चौथी बार उनके घर पहुंचे हैं। इससे लग रहा है कि एनडीए में अभी मामला उलझा हुआ है।



  • Oct 10, 2025 11:22 IST

    Bihar SIR : अंतिम मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के लिए एक भी आवेदन नहीं, EC ने दी बड़ी जानाकरी

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । बिहार में अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी विपक्षी दल इस पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि कई वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए। चुनाव आयोग ने पहले कहा था कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने, या किसी भी विसंगति की स्थिति में ज़िला मजिस्ट्रेट के पास अपील दायर की जा सकती है। हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा कि 10 दिन बाद भी किसी भी ज़िले से कोई अपील प्राप्त नहीं हुई है।

    मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी ज़िलों के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 2025 के दौरान 9 अक्टूबर तक बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने के संबंध में ज़िला मजिस्ट्रेट को जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 24(ए) के तहत कोई अपील प्राप्त नहीं हुई है। चुनाव आयोग ने 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया।



  • Oct 10, 2025 10:53 IST

    Bihar में आज से पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । बिहार में विधानसभा चुनावों को लेकर शुक्रवार 10 अक्टूबर से पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। नामांकन प्रक्रिया 11 बजे से लेकर 3 बजे तक चलेगी, जिसके लिए जगह जगह बैरिकेडिंग लगाई गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है। 100 मीटर की परिधि पर 3 से अधिक वाहनों पर रोक रहेगी।

    पहले चरण में 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन सीटों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी 17 अक्टूबर तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन की जांच 18 अक्टूबर को होगी और 20 अक्टूबर नाम वापसी की अंतिम तारीख तय की गई है।



  • Oct 10, 2025 10:28 IST

    Hapur रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । उत्तर प्रदेश के हापुड़ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। मरम्मत और बहाली का काम जारी है। 



  • Oct 10, 2025 09:51 IST

    Bihar : JDU के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा थामेंगे RJD का दामन

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क । पूर्णिया के पूर्व जदयू सांसद संतोष कुशवाहा आरजेडी का दामन थामेंगे। RJD धमदाहा से जदयू विधायक लेसी सिंह के खिलाफ संतोष कुशवाहा को मैदान में उतार सकती है।



  • Oct 10, 2025 09:26 IST

    IND Vs WI IInd Test: टॉस जीतकर भारत ने चुनी पहले बल्लेबाजी, टीम में कोई बदलाव नहीं

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुक्रवार को भारत-वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टेस्ट मैच में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। टॉस जीतने के बाद  गिल ने कहा पिच बल्लेबाज़ी के लिए अच्छी है। इसलिए उनकी टीम बोर्ड पर अच्छा टोटल बनाने का प्रयास करेगी। गिल ने कहा कि कप्तानी मिलने से उनके भीतर अधिक बदलाव नहीं आया हैसलेकिन वह मानते हैं कि उनके कंधे पर अतिरिक्त ज़िम्मेदारी आई है। भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं है।

    वेस्टइंडीज के कप्तान चेज़ ने कहा कि उनकी टीम ने सकारात्मक रहने का फ़ैसला किया है। वेस्टइंडीज़ में दो बदलाव हैं, ब्रैंडन किंग और योहान लेन बाहर हैं और टेविन इमलाक और एंडरसन फ़िलिप को टीम में जगह मिली है।
    टीम इस प्रकार है
    भारत : यशस्वी जायसवाल, के एल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जाडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज
    वेस्टइंडीज़ : जॉन कैंपबेल, तेजनारायण चंद्रपॉलस, टेविन इमलाक, रॉस्टन चेज़ (कप्तान), शे होप, जस्टिन ग्रीव्स, खारी पिएर, जोमेल वारिकन, एंडरसन फ़िलिप, जेडेन सील्स



  • Oct 10, 2025 09:09 IST

    नेपाल में ओली की गिरफ्तारी की मांग कर रहे 'जेन जेड' प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी

    काठमांडु, वाईबीएन डेस्क। नेपाल पुलिस ने जेनजे समूह के प्रमुख लीडर डॉ. निकोलस भुसाल सहित 'जेन जेड' समूह से जुड़े 18 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। ये कार्यकर्ता यहां मैतीघर में प्रदर्शन करते हुए अपदस्थ प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और तत्कालीन गृहमंत्री रमेश लेखक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। ‘जेन जेड’ समूह के एक धड़े द्वारा यह प्रदर्शन, भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया साइट्स पर सरकारी प्रतिबंध के खिलाफ आंदोलन को एक माह पूरा होने के अवसर पर आयोजित किया गया। 

    'जेन जेड' समूह के बैनर तले हजारों युवाओं ने आठ और नौ सितंबर को काठमांडू में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया था जिसमें 76 लोग मारे गए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और दंगा नियंत्रण पुलिस की मौजूदगी के बीच प्रदर्शन कर रहे डॉ. भुसाल और उनके सहयोगी सुरेंद्र घरती को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। विरोध प्रदर्शन से पहले अधिकारियों ने मैतीघर और उसके आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी थी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने यह प्रदर्शन इसलिए किया क्योंकि सुशीला कार्की के नेतृत्व में कार्यवाहक सरकार के गठन के बावजूद सरकार जेन जेड की मांगों को पूरा करने में विफल रही है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में केपी शर्मा ओली और रमेश लेखक की गिरफ्तारी शामिल थी, जिन्हें वे जनसंहार के लिए उत्तरदायी ठहराते हैं।



  • Oct 10, 2025 08:47 IST

    गंदी हरकत: सिंगापुर में अमेरिकी महिला से छेड़छाड़ के मामले में भारतीय को 13 माह की कैद

    सिंगापुर, वाईबीएन डेस्क। सिंगापुर के निर्माण उद्योग में काम कर रहे एक भारतीय नागरिक को एक अमेरिकी महिला के निजी क्षणों में ताक-झांक के दो आरोपों तथा उसकी गरिमा भंग करने के एक अन्य मामले में दोषी करार देते हुए 13 महीने कारावास की सजा सुनाई गई है। भारतीय नागरिक तिरुपति मोहनदास (41) पर सजा सुनाए जाने के दौरान चार अन्य आरोप भी लगाए गए, जिनमें घर में सेंधमारी के भी दो मामले शामिल थे। ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ अखबार की खबर के मुताबिक, मोहनदास ने एक महिला को एक फ्लैट की खिड़की से देखा और उससे आकर्षित होकर छेड़छाड़ करने के लिए अपार्टमेंट में दाखिल हो गया। 

    खबर के मुताबिक, 35-वर्षीय अमेरिकी महिला को यौनेच्छा से ताक-झांक करने के मोहनदास के कृत्य का पता चल गया था, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। हालांकि, दो दिन बाद वह दोबारा अपार्टमेंट में दाखिल हो गया, तथा महिला को देखकर अश्लील कृत्य किया। उप लोक अभियोजक अर्नेस्ट चुआ ने बताया, आरोपी के कृत्य से महिला डर गई थी और उसने सुरक्षाकर्मी से मदद मांगी, जिसने मौके पर पुलिस को बुलाया। उन्होंने बताया कि चार मई की रात को पुलिस ने मोहनदास को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह फ्लैट के बाहर टहल रहा था। उसने कबूल किया कि वह उस महिला से दोबारा मिलने का इरादा रखता था



  • Oct 10, 2025 08:21 IST

    शांति समझौते को लेकर मोदी के रियेक्शन पर बोले इजरायली पीएम-थैंक्स मोदीजी

    नई दिल्ली, आईएएनएस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल और हमास के बीच हुए शांति समझौते पर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन किया और उन्हें बधाई दी। इस पर इजरायली प्रधानमंत्री ने भी पीएम मोदी का धन्यवाद किया। इजरायल प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू हमेशा से उनके घनिष्ठ मित्र रहे हैं और उनके बीच की मित्रता सदैव बनी रहेगी। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजराइल राज्य के प्रति उनके समर्थन के लिए भारतीय प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया और दोनों ने घनिष्ठ सहयोग जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल और हमास के बीच हुए शांति समझौते का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा पीस प्लान के तहत हुई प्रगति पर बधाई देने के लिए अपने मित्र प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन किया।उन्होंने कहा कि हम बंधकों की रिहाई और गाजा के लोगों को मानवीय सहायता बढ़ाने पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं। इस बात पर जोर दिया कि दुनिया में कहीं भी किसी भी रूप या स्वरूप में आतंकवाद अस्वीकार्य है।इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, "हम राष्ट्रपति ट्रंप के 'पीस प्लान' के पहले चरण पर हुए समझौते का स्वागत करते हैं। यह प्रधानमंत्री नेतन्याहू के सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है।"



  • Oct 10, 2025 08:03 IST

    पूर्वी दिल्ली में लूटपाट के दौरान युवक की हत्या, दो नाबालिगो समेत चार लोग पकड़े गए

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन इलाके में एक पार्क में लूटपाट के दौरान एक युवक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में दो नाबालिगों सहित चार लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान वीरेश (24) के रूप में हुई है, जो बुधवार शाम अपनी व्यावसायिक भागीदार भावना (33) के साथ दिलशाद गार्डन के डियर पार्क में था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि शाम करीब सात बजे आरोपियों ने वीरेश और उसकी साथी को लूटने की कोशिश की तथा वीरेश का फोन, महिला का फोन, दस्तावेजों से भरा बैग और करीब 10,000 रुपये नकद लूट लिए। आरोपियों की पहचान विशाल और सुभाष के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 20 साल के आसपास है, और दो नाबालिग भी हैं जिनकी उम्र लगभग 16 साल है। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रशांत गौतम ने कहा, दोनों नाबालिगों समेत सभी चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और चोरी का बैग बरामद कर लिया गया है। दोनों मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं।



  • Oct 10, 2025 07:50 IST

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया  'स्वदेश मेले' का उद्घाटन

    नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कर्त्तव्य पथ पर आयोजित स्वदेश मेले का दीप प्रज्जवलित करके उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, हमारे स्थानीय उद्यमी, जो तकनीक से लैस हैं और विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं, भारत के विकास की प्रेरक शक्ति हैं। आज के भारतीय मोबाइल कांग्रेस में, जहां लाखों प्रदर्शकों ने भाग लिया, असंख्य स्टार्टअप्स ने भी भाग लिया। भारत भर से युवा, उद्यमी और नवप्रवर्तक यहां आए हैं, जो भारत को आगे ले जाने के लिए तत्पर हैं। रेखा गुप्ता ने कहा, आज के भारत को आत्मनिर्भर बनाने और अपनी वैश्विक पहचान स्थापित करने के लिए स्वदेशी से बेहतर कोई माध्यम नहीं है। हम सभी को इसे एक मंच, एक अभियान, एक आंदोलन के रूप में प्रचारित और प्रसारित करना होगा। इस मौके पर दिल्ली सरकार के मंत्री और विधायक मौजूद रहे।



  • Oct 10, 2025 07:09 IST

    करवा चौथ पर उत्तराखंड में महिलाओं के लिए सार्वजनिक अवकाश की घोषणा

    देहरादून, वाईबीएन डेस्क। करवा चौथ का व्रत रखकर पति की दीर्घायु के लिए मंगलकामनाएं करने वाली महिलाओं को उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने लाखों महिलाओं का त्योहार का तोहफा दिया है। सरकार ने करवा चौथ पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करवा चौथ के अवसर पर राज्य के सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की।

    भारतीय संस्कृति में करवा चौथ का पर्व सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। यह त्योहार हर वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखती हैं और चंद्रमा के दर्शन व पूजा के बाद ही व्रत खोलती हैं। यह व्रत न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण का भी प्रतीक बन चुका है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने से पति की आयु लंबी होती है और वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है।



  • Oct 10, 2025 06:44 IST

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सिडनी में ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के प्रमुख बेस कुत्ताबुल का दौरा किया

    सिडनी, वाईबीएन डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सिडनी स्थित HMAS कुत्ताबुल का दौरा किया, जो रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना का एक प्रमुख बेस है, जो पॉट्स पॉइंट पर स्थित है। ऑस्ट्रेलिया के सहायक रक्षा मंत्री पीटर खलील ने उनका स्वागत किया और उनके साथ थे। उन्होंने फ्लीट बेस ईस्ट का जल दौरा किया और ऑस्ट्रेलिया के नौसैनिक अभियानों और समुद्री तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।

    इससे पहले सूचना साझा करने संबंधी समझौते के अलावा दोनों पक्षों ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जो पनडुब्बी खोज में सहयोग और ज्वाइंट स्टाफ वार्ता के लिए एक रूपरेखा तैयार करने पर आधारित होगा। दो दिवसीय यात्रा पर आस्ट्रेलिया गए राजनाथ ने प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और विदेश मंत्री पेनी वोंग से भी मुलाकात की, और मुख्य रूप से संबंधों को और अधिक गतिशील बनाने पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कैनबरा में आस्ट्रेलियाई युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।



  • Oct 10, 2025 06:32 IST

    उत्तर प्रदेश में टूंडला स्टेशन के पास निर्माणाधीन सड़क ओवरब्रिज गिरने से पांच मजदूर घायल

    टूंडला, वाईबीएन डेस्क। उत्तर प्रदेश में टूंडला रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे एक निर्माणाधीन सड़क ओवरब्रिज का कुछ हिस्सा ढह जाने से पांच मजदूर घायल हो गए। उत्तर मध्य रेलवे जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने कहा, हमें रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि टूंडला रेलवे स्टेशन के पास लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 71 पर निर्माणाधीन सड़क ओवरब्रिज का कुछ हिस्सा ढह गया है। उन्होंने कहा, जानकारी के अनुसार, वहां काम कर रहे पांच मजदूर घायल हो गए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए रेलवे अस्पताल और निकटतम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

     



top news in hindi bihar top news top news delhi today India Top News Today Top News top news in english
Advertisment
Advertisment