Advertisment

अगले माह चलेगा ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का दूसरा चरण, गांव- गांव पहुंचेंगे वैज्ञानिक

‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का दूसरा चरण 3 से 18 अक्टूबर तक चलेगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में रबी सम्मेलन और गांव-गांव जाकर वैज्ञानिक किसानों को देंगे उन्नत खेती की जानकारी।

author-image
Dhiraj Dhillon
shivraj singh chauhan

नई दिल्ली, बाईबीएन न्यूज। किसानों के ल‌िए अच्छी खबर है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। रबी फसलों पर केंद्रित यह 16 दिवसीय अभियान 3 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इस दौरान कृषि वैज्ञानिक गांव-गांव जाकर किसानों से संवाद करेंगे और उन्हें उन्नत तकनीकों, बीजों और खेती के आधुनिक तरीकों की जानकारी देंगे।

15-16 सितंबर को होगा राष्ट्रीय सम्मेलन

अभियान की शुरुआत से पहले 15-16 सितंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय रबी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह पहली बार होगा जब दो दिवसीय सम्मेलन में राज्यों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और नीति-निर्धारक एक साथ बैठकर रबी सीजन की तैयारियों, उत्पादन लक्ष्यों और रणनीतियों पर विचार करेंगे।

सम्मेलन में इन मुद्दों पर मिलेगी जानकारी

सम्मेलन के दौरान जलवायु सहनशीलता, गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक-कीटनाशक की उपलब्धता, दलहन-तिलहन पर विशेष ध्यान, फसल विविधिकरण, बागवानी, प्रसार सेवाएं, कृषि विज्ञान केंद्रों (KVKs) की भूमिका और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र होंगे। इसके अलावा मौसम पूर्वानुमान, खाद प्रबंधन और अनुसंधान-तकनीक के इस्तेमाल पर भी चर्चा होगी। कृषि मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि इस बार सम्मेलन को नया स्वरूप दिया गया है। इसका मकसद रबी 2025-26 सीजन की ठोस रणनीति, किसानों की आय में वृद्धि और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करना है।

‘लैब टू लैंड’ विजन को बढ़ावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लैब टू लैंड’ विजन के तहत खरीफ फसल के लिए पहला चरण 29 मई से 12 जून 2025 तक चलाया गया था। इसमें वैज्ञानिकों की 2,170 टीमें देशभर के गांवों में गईं और करीब डेढ़ करोड़ किसानों से सीधा संवाद किया। अब रबी सीजन में भी वैज्ञानिक किसानों के खेतों तक जाएंगे और उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ेंगे।
agriculture | Viksit Krishi Sankalp Abhiyan | Shivraj Singh Chouhan
Shivraj Singh Chouhan Viksit Krishi Sankalp Abhiyan agriculture
Advertisment
Advertisment