/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/07/president-putin-and-pm-modi-2025-08-07-17-27-32.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार को भारत के दो दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। रूसी राष्ट्रपति के आगमन से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा अधिकारियों ने पुतिन के रूट, कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण जगहों को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा तैयारियां की हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुतिन को भारत में पांच स्तरीय सुरक्षा कवच दिया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मॉनिटरिंग सिस्टम में तैनात होंगे
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन की सुरक्षा के लिए रूस की प्रेसिडेंशियल सिक्योरिटी सर्विस, भारत के NSG कमांडो, स्नाइपर्स, ड्रोन, जैमर और AI मॉनिटरिंग सिस्टम तैनात किए जाएंगे। दिल्ली पुलिस और NSG टीमें रूसी सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर उन सभी मार्गों को सैनिटाइज कर रही हैं, जहां से राष्ट्रपति पुतिन का काफिला गुजरेगा। हाई-टेक ड्रोन और फेशियल रिकग्निशन कैमरे उनकी सुरक्षा कवरेज को और मजबूत बनाएंगे।
दिल्ली में लैंडिंग के साथ सक्रिय होगा सुरक्षा घेरा
सूत्रों ने बताया कि पुतिन के दिल्ली लैंड करते ही पांच स्तरीय सुरक्षा घेरा सक्रिय हो जाएगा। बाहरी लेयर में दिल्ली पुलिस और NSG शामिल होंगे, जबकि अंदरूनी सुरक्षा रूस के प्रेसिडेंशियल सिक्योरिटी गार्ड्स संभालेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार्यक्रमों के दौरान SPG कमांडो भी सुरक्षा घेरा में शामिल होंगे। पुतिन के ठहरने वाले होटल और सभी संभावित स्थानों को सैनिटाइज किया गया है। रूसी अधिकारी उन स्थानों की भी समीक्षा कर रहे हैं, जो अचानक कार्यक्रम में जोड़े जा सकते हैं।
पीएम मोदी के साथ डिनर करेंगे पुतिन
पुतिन गुरुवार रात पीएम नरेंद्र मोदी के साथ डिनर करेंगे। शुक्रवार को उनका औपचारिक स्वागत राष्ट्रपति भवन में होगा। इसके बाद वह राजघाट, हैदराबाद हाउस और भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से दिए गए भोज का भी हिस्सा बनेंगे। उनकी अत्याधुनिक Aurus Senat लिमोजीन भी मॉस्को से दिल्ली पहुंचाई जा रही है।
Vladimir Putin India Visit | vladimir putin | India Russia relations | India Russia Friendship | pm modi
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/11/dXXHxMv9gnrpRAb9ouRk.jpg)