नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। दिल्ली- एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत के लिए मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है । मिली जानकारी के अनुसार , दिल्ली- एनसीआर में गुरुवार को यलो अलर्ट और शुक्रवार को ओरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार , दिल्ली एनसीआर में बहुत तेज हवाओं के साथ तूफान की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को लोग मौसम खराब होता देख सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। ऐसी आशंका है कि एक बार पिछले दिनों की तरह ही प्रचंड तूफान लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
जानिए मौसम विभाग ने क्या कहा
भारत
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि देश के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों, विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में आज आंधी और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में आज हल्की बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि कल हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत में आज और कल भारी बारिश की आशंका जताई गई है जबकि कोस्टल एरिया में चक्रवाती तूफान की आशंका के चलते मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ बताया गया है वजह
मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि जम्मू- कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है, उसी के कारण उत्तर भारत में आंधी और बारिश की आशंका है। पंजाब और हरियाणा में आंधी- तूफान की आशंका है। जम्मू- कश्मीर में भी तेज हवाएं चलेंगी। उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका है।
दिल्ली- एनसीआर के लिए जारी की गई है ये चेतावनी
एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पंजाब के आसपास देखा जा रहा है। इसके कारण बृहस्पतिवार को
दिल्ली- एनसीआर में आंधी के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है। आज के लिए दिल्ली में यलो और कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कल यानी शुक्रवार को दिल्ली में तेज हवाएं (आंधी) चलने की आशंका है। दिल्ली- एनसीआर में अगले एक सप्ताह तक तापमान 36 से 39 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है। अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि मॉनसून छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया और अगले दो दिनों में इसके बिहार तक पहुंचने की उम्मीद है।
राजस्थान में कई स्थानों पर लू का अलर्ट
पश्चिमी राजस्थान में कल और परसों कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रह सकती है। इसके साथ ही, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उड़ीसा, पूर्वी बंगाल की खाड़ी के हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों को कवर कर लिया है।
तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान की चेतावनी
तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में चक्रवाती तूफान को लेकर चेतावनी जारी की गई है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से संभावित चक्रवात की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि चेन्नई, कडलूर, नागपट्टिनम, एन्नोर, कट्टुपल्ली, पुडुचेरी और कराईकल बंदरगाहों पर चक्रवात चेतावनी नंबर- 1, जबकि पंबन और तूतीकोरिन बंदरगाहों पर चक्रवात चेतावनी नंबर- 3 फहराने के निर्देश दिए गए हैं।