/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/17/3MEwP4QpeCZ4BFBMCUoD.jpg)
उत्तर भारत में तेज हवाओं ने ठंड का एहसास फिर करा दिया तो वहीं पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश से कोल्ड डे जैसी हालत बना दी है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख के ऊंचाई वाले हिस्सों में तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं ने जहां ठंड बढ़ाई है तो वहीं तापमान भी नीचे खिसका है।
उत्तर भारत में जहां ठंड का असर देखा जा रहा है वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु में गर्मी का असर तेज होता जा रहा है। यहां अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। चेन्नई में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। हालांकि अगले हफ्ते कई राज्यों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। आइए जानते हैं अलग अलग राज्यों में मौसम का क्या हाल है...
यूपी: 9 मार्च से आंधी-बारिश का अलर्ट, आज से चढ़ेगा पारा
यूपी में तीन दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। पहाड़ से आ रही हवाओं से प्रदेश के ज्यादातर हिस्से में बीते 48 घंटों में पारा 4 से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। गुरुवार को आगरा और लखनऊ एयरपोर्ट पर हवा की स्पीड 52 किमी प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई। आज पछुआ हवा की रफ्तार कम है। 35 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल रही है। मौसम ने भी करवट लेना शुरू कर दिया है। आने वाले दो दिनों में प्रदेश में मौसम पूरी तरह से बदल जाएगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 12 मार्च तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और ठंडी हवाएं धीरे-धीरे कम हो जाएंगी। इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है जिससे प्रदेश में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। दिन के समय तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/07/3VyHNVeNI165e0vDIo6f.jpg)
एमपी में ठंड ने तोड़ा 10 साल पुराना रिकार्ड
मध्य प्रदेश के भोपाल और जबलपुर में मार्च की ठंड ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दोनों ही शहर में तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। वहीं राजगढ़, उमरिया-खजुराहो समेत 13 शहरों में तापमान 6 से 9.8 डिग्री तक रहा।
हिमाचल में भारी बर्फबारी, मंडी का तापमान बढ़कर पहुंचा 7 डिग्री
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बर्फबारी जारी है। मार्च की शुरुआत में हुई बर्फबारी से ठंड में इजाफा हुआ है। खासकर मनाली में इस साल भारी मात्रा में बर्फ गिरी हैजिससे पर्यटकों की संख्या भी बढ़ गई है। कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट का अनुमान है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में 2 दिन से अच्छी धूप खिलने से राज्य के लोगों को ठंड से राहत मिली है। मंडी में सबसे ज्यादा 7.0 डिग्री तापमान बढ़ा है। हालांकि बीते दिनों में हुई बारिश-बर्फबारी के बाद हुए लैंड स्लाइड की वजह से कई सड़कें अभी भी बंद हैं।
कोंकण-गोवा, केरल, तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में रहेगी गर्मी और उमस
मौसम विभाग ने बताया कि कोंकण-गोवा, केरल, तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में गर्मी और उमस रहेगी। 9 मार्च को नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो सकता है। इस वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में 9 से 12 मार्च तक जबकि उत्तराखंड में 10 से 12 मार्च तक बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
राजस्थान: आज से चढ़ने लगा पारा, होली तक पहुंचेगा! 35 डिग्री सेल्सियस
उत्तर से आ रही हवा कमजोर होने से अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। कल डूंगरपुर, बाड़मेर में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आज से हवा की दिशा बदलने से तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले एक सप्ताह तापमान में और इजाफा होने की संभावना है। होली-धुलंडी तक प्रदेश में कई शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
पंजाब: तापमान में बढ़ोतरी, 7 दिन बाद पारा 30 के पार होगा
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता धीमी होने से पहाड़ों पर हालात सामान्य होते जा रहे हैं। जिसके बाद पंजाब के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है और न ही पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की कोई संभावना है। जिसके कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी। वहीं आने वाले सात दिनों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा।
छत्तीसगढ़: गर्मी से राहत, 4 डिग्री तक लुढ़का पारा
छत्तीसगढ़ में पड़ रही तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे के दौरान दिन का पारा 2 से 3 डिग्री और रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है, उसके बाद तापमान बढ़ेगा।
हरियाणा: 7 जिलों में तापमान 28 डिग्री के पार
हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां सुबह-शाम ठंड का अहसास हो रहा है, वहीं दिन में खिली धूप के आगे सर्द हवाएं बेअसर साबित हो रही हैं। सर्द हवाओं की गति धीमी होने से दिन का तापमान बढ़ने लगा है। 7 जिलों में तापमान 28 डिग्री से ऊपर चला गया है। इन जिलों में हिसार, नारनौल-महेंद्रगढ़, सिरसा, चरखी दादरी, फरीदाबाद और पलवल शामिल हैं।
यहां बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
- बारिश/बर्फबारी: जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड
- बारिश: वेस्ट बंगाल, सिक्किम और अरूणाचल प्रदेश
लद्दाख और सिक्किम में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार लद्दाख और सिक्किम के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं असम और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवाती परिसंचरण एक्टिव हो चुका है। 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
दिल्ली एनसीआर में मौसम का रहेगा यह हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने दिन में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है। शुक्रवार 7 मार्च तक हवा की गति थोड़ी कम होकर 15-17 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है। इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकती है। तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत भी दिए गए हैं, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने लगेगी। शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 13 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
तमिलनाडु में गर्मी का अलर्ट
दक्षिण भारत के तमिलनाडु राज्य में गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। राज्य में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। खासतौर पर पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दोपहर के समय भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। चेन्नई में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि अगले सप्ताह राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।