नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
Weather Update Today: मौसम ने अचानक से करवट बदल ली है। शनिवार रात को देश के कई राज्यों में बारिश देखने को मिली, जिसकी वजह से तापमान में भारी गिरावट हुई है। बर्फीली हवाओं के असर से हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। घने कोहरे और ठंड के बाद अब बरसात ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। मौसम विभाग ने रविवार को कई जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
जानें देश के मौसम का हाल?
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उड़ीसा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में कोहरा छाया जाएगा। वहीं आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में बारिश का अलर्ट
दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में शनिवार को जोरदार बारिश हुई। फिलहाल दिल्ली के ऊपर घने कोहरे और बादलों का पहरा है, जिससे ट्रेनों और फ्लाइट्स की आवाजाही पर असर पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को भी दिल्ली में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है।
यूपी-बिहार में बारिश
नोएडा समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हाड़ कंपाने वाली ठंड के बीच जोरदार बारिश का दौर शुरू हो गया है। लखनऊ, कानपुर और कन्नोज में रविवार सुबह बारिश दर्ज की गई है। बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं कई जिलों में बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी इलाकों में मौसम
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी है। शीतलहर के असर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना भी जताई है।
पंजाब और हरियाणा
पंजाब और हरियाणा में भी बादलों ने पहरा डाल रखा है और अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। बारिश के वजह से तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।