लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
देश भर में आज से पवित्र महीने रमज़ान का आगाज़ हो गया है। देर शाम से ही मस्जिदों में तरावीह की विशेष नमाज़ भी शुरू हो जाएगी। लखनऊ के इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में महिलाओं के लिए इस बार भी तरावीह की नमाज़ के लिए विशेष इंतेज़ाम किए गए है।
इस्लामिक सेंटर में महिलाओं के लिए विशेष इंतेज़ाम
वरिष्ठ मुस्लिम धर्म गुरु और इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी महिलाओं के लिए तरावीह की नमाज़ का एहतिमाम किया गया है। यहां पहुंचकर महिलाएं अपनी तरावीह की नमाज़ अदा कर सकती है। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में हर शाम ईशा की नमाज़ के बाद पांच पारे की तरावीह होगी। इसके लिए रशीद बारादरी में अलग से महिलाओं के लिए इंतजाम किया गया है। वहीं हजारों की संख्या में मुस्लिम पुरुष भी यहां अपनी तरावीह की नमाज़ अदा कर सकेंगे।
रात 8 बजे अदा होगी तरावीह की नमाज़
मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने देश वासियों को रमज़ान के पवित्र और मुकद्दस महीने की मुबारकबाद पेश की। साथ ही मौलाना ने युवाओं से इस महीने में ज़्यादा से ज़्यादा इबादत करने और रोज़ा रखने की अपील की। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में ईशा की नमाज़ के बाद रात 8 बजे तरावीह की विशेष नमाज़ शुरू हो जाएगी। वहीं कल से मुल्क भर में लोग पहला रोज़ा रखेंगे।