/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/21/sanjeevkapoors-2025-11-21-15-01-39.jpg)
SanjeevKapoors Photograph: (ians)
नई दिल्ली। मशहूर सेलिब्रिटीशेफ संजीव कपूर का नाम आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है। टीवी शो 'खाना खजाना' से शुरू हुई उनकी पाककला की यात्रा ने उन्हें भारत के हर घर का चहेता बना दिया। यह शो लगभग 120 देशों में प्रसारित हुआ और 2010 में इसके 50 मिलियन से अधिक दर्शक थे। 'खाना खजाना' की सफलता ने कपूर को एक ग्लोबल ब्रांड बना दिया। उन्होंने अपना 24 घंटे का कुकरी चैनल 'फूडफूड' लॉन्च किया और 'वंडरशेफ' जैसे प्रीमियम कुकवेयर ब्रांड भी स्थापित किए।
टीवी शो 'खाना खजाना'
मशहूर सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर को कौन नहीं जानता है। टीवी के शो 'खाना खजाना' से शुरू की गई उनकी जर्नी ने आज उन्हें विदेशों तक लोकप्रिय कर दिया है। आज वे कई रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुके हैं और नए खाने से जुड़ी खुद की सीरीज भी लाते रहते हैं। इतनी सफलता को पाने के बाद शेफ ने अपने पुराने टीवी के दिनों और पहले शो की यादें ताजा की हैं। 2017 में, उन्हें भारत के सर्वोच्च सम्मानों में से एक, 'पद्म श्री' से सम्मानित किया गया। हाल ही में, उन्हें वर्ल्ड फ़ूड प्राइज़ फ़ाउंडेशन द्वारा 'टॉप एग्री-फूड पायोनियर' के रूप में भी सम्मानित किया गया है, जो खाद्य नवाचार और पोषण के क्षेत्र में उनके योगदान को दर्शाता है। वह भारतीय व्यंजनों को विश्व मंच पर लोकप्रिय बनाने में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शो का अनुभव
संजीव कपूर ने सोशल मीडिया पर अपने पहले शो और उससे हासिल हुई सफलता के बारे में बात की है। उन्होंने अपने पहले शो खाना खजाना की पुरानी फोटो डाली है और लिखा है, "टीवी ने मुझे एक ऐसा ब्रेक दिया जो कभी सोचा नहीं था। खाना खज़ाना के होस्ट के तौर पर रिजेक्ट होने से लेकर सालों तक इसे होस्ट करने तक, टेलीविजन ने मुझे अपने जुनून को आगे बढ़ाने और खाने के प्रति अपने प्यार को लाखों लोगों के साथ साझा करने का एक मंच दिया।"उन्होंने आगे लिखा, "ये पुरानी तस्वीरें मुझे उस समय की याद दिलाती हैं, जब सब कुछ शुरू हुआ था।"
संजीव कपूर अपने शो का अनुभव भी शेयर कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि जब पहली बार शो करने वक्त उन्हें कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। पहले दिन उन्हें शूट के लिए लंबी सी स्क्रिप्ट पकड़ा दी गई थी और उन्हें याद करने में बहुत परेशानी हुई, लेकिन उन्होंने बिना स्क्रिप्ट याद किए शो को अपने तरीके से होस्ट किया। ये बात बहुत कम लोग जानते होंगे कि संजीव कपूर सिर्फ खाना बनाने में नहीं, बल्कि पढ़ाई में भी अव्वल थे। जब वे कॉलेज में थे, तो हर साल बेस्ट स्पीकर की ट्रॉफी जीतते थे। इस तरह वे खाना बनाने के साथ-साथ बोलने में भी पहले से एक्सपर्ट थे।
नई-नई रेसिपी को शेफ संजीव कपूर
'खाना खजाना' शो साल 1993 से शुरू हुआ था और शो के पहले एपिसोड को पंजाबी शेफ हरपाल सिंह सोखी ने होस्ट किया था, लेकिन बाकी के सारे एपिसोड संजीव कपूर ने होस्ट किए थे। शो 1993 से 2012 तक चला था, जिसमें खाने की नई-नई रेसिपी को शेफ संजीव कपूर नई कहानियों के साथ लेकर आते थे।
'खाना खजाना' को शूट करने से पहले शो का नाम 'श्रीमान बावर्ची' था। शो का नाम सुनते ही संजीव कपूर ने शो करने से मना कर दिया था। उनकी पहली लड़ाई यही थी कि बावर्ची क्या होता है, हम शेफ हैं। काफी लड़ने और कई नामों का चुनाव करने के बाद में फिल्ममेकर हंसल मेहता के साथ शो का नाम 'खाना खजाना' रखा गया। ये शो फिल्ममेकर हंसल मेहता के करियर का भी पहला शो था, जो सुपरहिट साबित हुआ।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/11/dXXHxMv9gnrpRAb9ouRk.jpg)