/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/13/ThW0WelmXqgxYHuwivXc.jpg)
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता। गाजियाबाद। भाजपा में मंडल अध्यक्ष की कमेटी को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। अगले एक सप्ताह के भीतर मंडल कमेटी की घोषणा की जाएगी। इसके लिए भाजपा के मंडल अध्यक्षों के साथ मंडल प्रभारी और प्रवासियों की नियुक्ति भी पूरी हो चुकी है। अब मंडल प्रवासी भी मंडल कमेटी के गठन में अपनी भूमिका निभाएंगे और पूरी प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। इस संबंध में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने सोमवार शाम 19 प्रवासियों की घोषणा भी कर दी।
मंडल कमेटी में होंगे ये पदाधिकारी
जानकारी के अनुसार, भाजपा में मंडल कमेटी के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कई मंडलों में बैठकों का आयोजन किया जाना है। हाईकमान के निर्देशानुसार, एक सप्ताह के भीतर मंडल कमेटियों का गठन पूरा किया जाएगा। इसमें शामिल होंगे:
- 2 महामंत्री
- 6 उपाध्यक्ष
- 6 मंत्री
- सोशल मीडिया और आईटी इंचार्ज
इसके अलावा, मंडल के 60 सदस्यों को मंडल कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी चुना जाएगा। फिलहाल, कोषाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी के पदों को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है, ये अभी "साइलेंट मोड" में हैं।
गोविंदपुरम मंडल को छोड़कर सभी में होगा गठन
सूत्रों के अनुसार, गोविंदपुरम मंडल को छोड़कर सभी मंडलों में कमेटी का गठन पूरा होगा। इस प्रक्रिया के संचालन के लिए मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और मंडल प्रवासी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी मंडलों में बैठकों का आयोजन कर चुनाव प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
महिलाओं और एससी समाज को मिलेगी प्राथमिकता
हाईकमान के निर्देशानुसार, एक मंडल की कमेटी में चार महिलाएं और चार एससी समाज के लोग अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएंगे। जहां एससी समाज के सक्रिय सदस्य कम होंगे, वहां संगठन की सहमति से विशेष निर्णय लिए जाएंगे। वहीं, जो सदस्य सक्रिय नहीं हैं, उन्हें भाजपा महानगर अध्यक्ष की अनुमति के बाद ही कमेटी में जगह दी जाएगी।
सक्रिय सदस्य को ही मिलेगा मौका
भाजपा में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से होती है। मंडल अध्यक्ष और कमेटी गठन में भी केवल सक्रिय सदस्यों को ही स्थान दिया जाएगा। हाल ही में भाजपा से जुड़े नए कार्यकर्ताओं को इसमें जगह मिलने की उम्मीद कम है। प्राथमिकता उन्हीं को दी जाएगी जिन्होंने पार्टी संगठन के लिए लंबे समय से काम किया है। ऐसे में नए कार्यकर्ताओं की उम्मीदों को झटका लग सकता है।
स्थाई पद नहीं, अस्थायी प्रवासी की भूमिका
भाजपा महानगर द्वारा घोषित किए गए मंडल प्रवासी केवल कमेटी घोषित होने तक अपनी भूमिका निभाएंगे। इससे पहले मंडल प्रभारी की नियुक्ति क्षेत्र से ही हुई थी, जिसे लेकर भ्रम की स्थिति थी। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने स्पष्ट किया है कि मंडल प्रभारी अपने कार्य करते रहेंगे और प्रवासी केवल कमेटी गठन तक जिम्मेदारी निभाएंगे।
महानगर कमेटी गठन की तैयारी भी होगी शुरू
मंडल कमेटी के गठन के बाद महानगर कमेटी के गठन की प्रक्रिया भी शुरू होगी। सूत्रों के अनुसार, कार्यकर्ताओं ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन में पारदर्शिता और वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए सभी चयन किए जाएंगे।