गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी, महानगर गाजियाबाद के तत्वावधान में "वफ्फ़ सुधार जनजागरण अभियान" के अंतर्गत एक अल्पसंख्यक प्रबुद्ध संवाद संगोष्ठी का आयोजन जानकी भवन, रामलीला मैदान, कविनगर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री मयंक गोयल (महानगर अध्यक्ष, भाजपा) ने की, जबकि राष्ट्रीय प्रवक्ता भाजपा, आदरणीय शाजिया इल्मी जी ने मुख्य वक्ता के रूप में संगोष्ठी को संबोधित किया।
शाजिया इल्मी ने किया वक्फ़ संपत्तियों के दुरुपयोग पर जोरदार हमला
भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने संगोष्ठी में वक्फ़ संपत्तियों के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा ने मुस्लिम समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और वक्फ़ संपत्तियों को लूट का अड्डा बना दिया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक समझा, जबकि वक्फ़ संपत्तियों का दुरुपयोग होता रहा। भाजपा इस राजनीतिक धोखे को उजागर कर रही है, और हम चाहते हैं कि वक्फ़ संपत्तियाँ मुस्लिम समाज के कल्याण में लगें, न कि राजनीतिक हितों की पूर्ति में।
कांग्रेस, सपा और बसपा पर कड़ा हमला
कुंवर वाहिद अली (अल्पसंख्यक मोर्चा, प्रदेश अध्यक्ष) ने इन पार्टियों पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि वक्फ़ संपत्तियों पर सबसे ज़्यादा कब्ज़ा और भ्रष्टाचार उन्हीं दलों के समय में हुआ, जो अल्पसंख्यकों के नाम पर सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते रहे।
भाजपा का संकल्प – वक्फ़ संपत्तियों का पारदर्शी उपयोग
महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल ने कहा, "हम चाहते हैं कि वक्फ़ बोर्ड भ्रष्टाचारमुक्त हो और उसकी संपत्तियाँ समाज के कल्याण में लगें। यह अभियान गाजियाबाद से एक सकारात्मक संदेश देगा।"
पूर्व महापौर आशु वर्मा ने भी वक्फ़ संपत्तियों के संरक्षण और उनके सदुपयोग की आवश्यकता पर बल दिया, "भा.ज.पा. द्वारा इस मुद्दे पर संगोष्ठी का आयोजन एक स्वागत योग्य पहल है।
कार्यक्रम में उपस्थित नेता और प्रमुख व्यक्ति
कार्यक्रम में बलदेव राज शर्मा, पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिरोही, पूर्व महापौर आशा शर्मा, सरदार एस.पी. सिंह (अल्पसंख्यक आयोग सदस्य), डॉ. अशोक नागर, जावेद खान, रीना भाटी, और कई अन्य प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस विषय पर गंभीर चिंतन करते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।