गाजियाबाद वाईबीएन संवाददाता। भाजपा द्वारा देशभर में शुरू की गई ‘शौर्य तिरंगा यात्रा’ को गाजियाबाद में ज़बरदस्त जनसमर्थन मिल रहा है। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में गाजियाबाद जिले की तीनों विधानसभाओं में सफलतापूर्वक यात्रा आयोजित की गई, जिसमें भारी संख्या में लोगों की भागीदारी देखी गई। देशभक्ति के गीतों की गूंज और हाथों में लहराते तिरंगों के साथ यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की एक जीवंत तस्वीर बनकर उभरी।
हर वार्ड, हर पंचायत तक पहुंचेगा तिरंगे का संदेश
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने जानकारी दी कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद सेना के शौर्य को सम्मान देने और जनसामान्य तक उनकी वीरता की गाथा पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि अब इस यात्रा को गाजियाबाद नगर निगम के 100 वार्डों, खोड़ा नगर पालिका के 30 वार्डों, मुरादनगर नगर पालिका के 30 वार्डों और 42 ग्राम पंचायतों में भी आयोजित किया जाएगा।
अब तक निकाली जा चुकी हैं 50 यात्राएं
मयंक गोयल ने बताया कि अभी तक लगभग 50 ‘शौर्य तिरंगा यात्राएं’ निकाली जा चुकी हैं, और 150 यात्राएं और आयोजित की जानी हैं। उन्होंने कहा, “इस यात्रा के माध्यम से हम उन वीर सैनिकों को नमन कर रहे हैं, जो देश की रक्षा में सीमा पर तैनात हैं। यह कार्यक्रम सेना के सम्मान में है, जिससे आम जनमानस को भी हमारी सेनाओं की वीरता से रूबरू कराया जा सके।”
जनमानस से मिल रहा भारी समर्थन
प्रत्येक यात्रा में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के गीतों पर थिरकते लोगों ने इस अभियान को एक जनांदोलन का रूप दे दिया। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों को सेना के पराक्रम से अवगत कराया और उन्हें तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
'ऑपरेशन सिंदूर' से प्रेरणा
गौरतलब है कि भारतीय सेना के हालिया अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद, पूरे देश में सेना की वीरता और बलिदान को श्रद्धांजलि देने के लिए इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा का मानना है कि तिरंगे के प्रति सम्मान और सेना के प्रति गर्व की भावना को जन-जन तक पहुंचाना आज की आवश्यकता है।