Advertisment

Cm Yogi : देशहित के लिए ज़िद जरूरी,बाधाऐं नहीं रोक सकती रास्ता - सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद पहुंचे। उनका यह दौरा राजनीतिक, सामाजिक और विकासात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम में शामिल हुए और साथ ही

author-image
Syed Ali Mehndi
Untitled design_20250919_174050_0000

योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में मौजूद

गाजियाबाद,वाईबीएन संवाददाता 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद पहुंचे। उनका यह दौरा राजनीतिक, सामाजिक और विकासात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री यहां “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” कार्यक्रम में शामिल हुए और साथ ही पूर्व सांसद डॉ. रमेश चंद तोमर की पुस्तक “भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी” का विमोचन भी किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के विकास कार्यों की रूपरेखा रखी और जनता से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मुख्यमंत्री ने मांगे सुझाव

मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर करीब 3:15 बजे गाजियाबाद पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुख्यमंत्री के स्वागत और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की थी। हेलीपैड से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया था। लगभग 3:30 बजे वह ऑडिटोरियम पहुंचे तो पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” विषय पर विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत का विकास तभी संभव है जब उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़े। उन्होंने गाजियाबाद को प्रदेश के विकास की धुरी बताते हुए कहा कि यदि गाजियाबाद अत्यधिक विकसित होगा तो प्रदेश और देश दोनों के विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार और खेल जैसे क्षेत्रों में गाजियाबाद की क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि यह शहर उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक प्रगति में अहम योगदान दे सकता है।

जन भागीदारी के बिना सरकार अधूरी

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनता से संवाद करते हुए कहा कि सरकार जनभागीदारी के बिना अधूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने सुझाव सीधे मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजें। साथ ही उन्होंने एक रोचक पहल की घोषणा की कि लोग अपने सुझाव पोस्टकार्ड पर लिखकर भी भेज सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि अच्छे और उपयोगी सुझावों को न केवल गंभीरता से लिया जाएगा बल्कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। डॉ. रमेश चंद तोमर की पुस्तक “भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी” का विमोचन भी इस मौके पर किया गया। मुख्यमंत्री ने पुस्तक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पुस्तक भारत के वर्तमान विकास युग की झलक प्रस्तुत करती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की नई पहचान को दर्शाती है।

खुला कर बोले योगी आदित्यनाथ

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभागार में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री का यह दौरा गाजियाबाद की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।समापन में मुख्यमंत्री ने पुनः दोहराया कि गाजियाबाद के विकास के लिए शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग और खेल जैसे क्षेत्रों में और अधिक निवेश एवं प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता और सरकार के सहयोग से गाजियाबाद आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का सबसे विकसित शहर बनेगा और यह पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करेगा।

Advertisment

Advertisment
Advertisment