/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/12/d3aSKt3H6NHlkMY4ZZo4.jpg)
भीषण गर्मी के चलते कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत चल रही है। ट्रांस हिंडन एरिया के कई इलाकों में नगर निगम पानी के टैंकर भेजकर लोगों की प्यास बुझा रहा है। टैंकर पहुंचने का भी कोई समय निर्धारित नहीं है। लोगों को पीने के पानी के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। इंदिरापुरम के कनावनी में पानी भरने के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी डंडे चलने लगे। कई लोग घायल हुए। एक बुजुर्ग को सिर में डंडा लगने से गंभीर चोट आई। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद दूसरा पक्ष फरार हो गया।
ये था मामला
मूलरूप से एटा रहने वाले राम सिंह और दीपक अपने परिवारों के साथ इंदिरापुरम के कनावनी में रहते हैं। दोनों परिवार आपस में दूर के रिश्तेदार भी हैं और मजदूरी करते हैं। इलाके में पीने के पानी खासी किल्लत है। लोग नगर निगम के टैंकर और निगम के लगाए गए सबमर्सिबल के पानी भरते हैं। 11 जून की रात राम सिंह पक्ष की सोनम और दीपक पक्ष की राखी नल से पानी भर रही थीं। इस दौरान राखी का पैर सोनम की बाल्टी में लग गया और बाल्टी गिर गई। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़ा तो दोनों पक्ष के पुरुष भी झगड़े में कूद गए। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और लाठी डंडे चलने लगे। इस घटना में राम सिंह पक्ष के राम सिंह (65) उनके बेटे राजेश और सोनम को अधिक चोट आईं। रामसिंह के सिर में गंभीर चोट आई।
पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करवाया
इस मामले में राजेश ने रात को ही इंदिरापुरम थाने पहुंचकर आरोपी पक्ष के सुदेश, दीपक ठाकुर, संदीप, मनीष और अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट की की शिकायत थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने राम सिंह को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे रामसिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से दीपक पक्ष के सभी लोग फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।साथ ही पुलिस मारपीट की धाराओं को गैर इरादतन हत्या की धाराओं में तरमीम कर रही है।