गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता।
पटेल नगर की जीडीए पुलिस कॉलोनी में रहने वाले एक प्राधिकरण के सिविल इंजीनियर की बेटी ने अपने पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ हत्या के प्रयास और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि शादी में 55 लाख खर्चा करने के बावजूद उसे यातनाएं दी जा रही थीं।
ये है मामला
महिला थाने के जरिये की गई शिकायत के आधार पर पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर में पीड़िता ने बताया है कि उसकी शादी मूल रूप से आगरा के रहने वाले प्रणव पटेल के साथ 2021 में हुई थी। ससुराल वाले उस दौरान नोएडा की लॉजिस्टिक ब्लूसम काउंटी में रहते थे। शादी की रस्में गोविन्दपुरम के ग्रांड इरस बैंक्वट में हुई। उसकी शादी पर सिविल इंजीनियर पिता ने 55 लाख रुपये खर्च किए। बावजूद इसके ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न किया। 2023 में पिता से पैसे लेकर विटारा गाड़ी दिलाने के लिए 10 लाख रुपये ससुराल वालों को दिए फिर भी उनकी मांग बढ़ती रही। आरोप है कि इसके बाद भी उसे पिता से 10 लाख नगद लेने का दवाब बनाया जाने लगा। 24 अप्रैल 2024 को उसे पहने हुए कपड़ों में ससुराल वालों ने मासूम बेटी के साथ घर से बाहर निकाल दिया। तबसे वो पिता के साथ पटेल नगर के जीडीए पुलिस कॉलोनी में रह रही है। आरोप लगाया गया है कि 29 जनवरी को महिला का पति दो अज्ञात लोगों के साथ उसके घर आया और न सिर्फ लात-घूंसों से मारपीट की। बल्कि गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया।
इन लोगों पर दर्ज हुई FIR
पति प्रणय पटेल, ससुर विनोद पटेल, सास मीना सिंह और दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने, हत्या की कोशिश करने सहित नौ धाराओं के तहत केस रजिस्टर्ड किया गया है।
पुलिस बोली-जांच जारी
इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।