/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/12/untitled-design_20250912_180432_0000-2025-09-12-18-05-55.jpg)
बैठक आयोजित
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता
भाजपा जिला एवं महानगर इकाई की ओर से नेहरू नगर स्थित कार्यालय पर मेरठ मंडल शिक्षक चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक कार्ययोजना बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक का आयोजन भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में तथा जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह की प्रमुख उपस्थिति में किया गया। बैठक में बतौर मुख्य वक्ता भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल और बतौर विशिष्ट अतिथि विधानपरिषद सदस्य (शिक्षक) श्रीचंद शर्मा शामिल हुए।
चुनाव की रणनीति
बैठक का उद्देश्य आगामी शिक्षक चुनाव में पार्टी की रणनीति तय करना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना था। क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा संगठन के लिए शिक्षक चुनाव का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज वैचारिक रूप से बेहद सजग होता है और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देता है।
शिक्षक स्नातक चुनाव
संगठन का लक्ष्य केवल चुनावी विजय प्राप्त करना नहीं बल्कि शिक्षा जगत को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे शिक्षक मतदाताओं तक संगठन की विचारधारा को पहुँचाएं और प्रत्येक मतदाता से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें भाजपा से जोड़ें। यदि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ बूथ स्तर पर कार्य करेंगे तो भाजपा निश्चित रूप से इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि भाजपा ने पहले भी शिक्षक चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाकर बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछली बार भी भाजपा ने भारी मतों से विजय प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि इस बार भी यदि कार्यकर्ता संकल्प लेकर काम करेंगे तो संगठन एक बार फिर रिकॉर्ड जीत दर्ज करेगा।
बूथ स्तर पर तैयारी
विधानपरिषद सदस्य (शिक्षक) श्रीचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उनका अनुशासन और कार्यकुशलता ही संगठन को निरंतर सफलता दिलाते आए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की अपेक्षाओं को समझते हुए हमें बूथ स्तर तक अपनी पकड़ और सुदृढ़ करनी होगी।जिलाध्यक्ष चैन पाल सिंह ने कहा कि शिक्षक चुनाव केवल एक राजनीतिक चुनाव नहीं बल्कि यह विचारधारा और आस्था का चुनाव है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें और मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करें तो भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित होगी।