/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/05/cUzdyg6iQ1yhKkM7xecr.jpg)
भाजपा का कार्यक्रम
गाजियाबाद,वाईबीएन संवाददाता
भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद द्वारा "विकसित भारत का अमृतकाल: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" विषय पर आधारित विशेष जनजागरूकता अभियान की कार्यशाला का आयोजन गोल्डन व्यू रिज़ॉर्ट, राजनगर एक्सटेंशन में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। यह अभियान मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 9 जून से 21 जून तक चलाया जाएगा।कार्यशाला के मुख्य वक्ता भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया ने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचकर इस विकास यात्रा का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
व्यापक स्तर पर अभियान
इस अभियान के अंतर्गत मीडिया संवाद, प्रदर्शनी, डिजिटल प्रतियोगिता, संकल्प सभा, चौपाल कार्यक्रम, योग शिविर, वृक्षारोपण और ऐतिहासिक दिवसों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक चौपाल में लाभार्थियों के अनुभव साझा कर सरकार की नीतियों की जानकारी दी जाएगी, साथ ही MyGov पोर्टल के माध्यम से आमजन को भी जोड़ा जाएगा।सांसद अतुल गर्ग ने अपने वक्तव्य में कहा कि मोदी सरकार ने देश के हर क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन किए हैं, और यह अभियान उन उपलब्धियों को जनसामान्य तक ले जाने का एक सशक्त माध्यम है। कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा ने भारत को वैश्विक शक्ति बनाने में मोदी सरकार की भूमिका को रेखांकित करते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इनको मिली जिम्मेदारियां
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की और रनिता सिंह को महानगर संयोजक, जबकि गुंजन शर्मा, गौरव चोपड़ा और विनोद कसाना को सह-संयोजक घोषित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, सांसद, पूर्व महापौर, विधायक, मंडल संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों और टीम को इस आयोजन की सफलता के लिए सराहा गया।