/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/27/untitled-design_20250927_151200_0000-2025-09-27-15-21-33.jpg)
महापौर ने किया उद्घाटन
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता
नगर निगम ने कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाते हुए गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने वाले पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की है। इस अभिनव पहल का शुभारंभ महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में न्यूयॉर्क से आई ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 की तीन सदस्यीय टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा।
गोबर प्रबंधन चुनौती
महापौर ने बताया कि गाजियाबाद में गोबर प्रबंधन एक बड़ी चुनौती रहा है। अक्सर नालियां और सीवर गोबर के कारण जाम हो जाते हैं, जिससे शहर में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें उत्पन्न होती हैं। इस पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से नगर निगम न केवल गोबर की समस्या का स्थायी समाधान ढूंढ रहा है, बल्कि इसे एक उपयोगी जैविक उत्पाद में बदलकर पर्यावरण के अनुकूल कदम भी उठा रहा है।नगर आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्राकृतिक पेंट को डिस्टेंपर और इमल्शन के साथ मिश्रित कर तैयार किया गया है। इसमें लगभग 40 प्रतिशत डिस्टेंपर, 30 प्रतिशत इमल्शन और शेष भाग गोबर का होता है। यह पेंट न केवल टिकाऊ है बल्कि इसके विशेष गुण भी हैं। गोबर में प्राकृतिक शीतलन तत्व पाए जाते हैं, जो छत और दीवारों पर लगाए जाने पर तापमान को 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम कर सकते हैं। इससे शहरी इलाकों में गर्मी का प्रभाव घटेगा और वातावरण अधिक आरामदायक बनेगा।
निगम का पायलट प्रोजेक्ट
महापौर ने निगम अधिकारियों और उपस्थित जनों को इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पहल गाजियाबाद नगर निगम को एक नए आयाम पर ले जाएगी। यह पेंट सरकारी संस्थानों में सबसे पहले इस्तेमाल किया जाएगा और इसके बाद निजी प्रतिष्ठानों में भी इसका प्रचार-प्रसार होगा। इसके साथ ही नगर निगम इस उत्पाद की ब्रांडिंग की भी योजना बना रहा है, जिससे भविष्य में निगम की आय बढ़ेगी और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन मिलेगा।ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज टीम ने भी गाजियाबाद नगर निगम की इस पहल को अभिनव और टिकाऊ बताते हुए कहा कि यह मॉडल अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादायक हो सकता है।