ट्रांस हिंडन बाईबीएन संवाददाता
गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया सेक्टर ए-चार में कपड़े के थैले बनाने की फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण फैक्ट्री में आग लगी है।
ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में इंडो इंडिया फैक्ट्री है। बताया गया है कि फैक्ट्री में कपड़े के थैले बनाए जाते हैं। गुरूवार सुबह आठ बजे के लगभग फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग लगने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास करते हुए ट्रोनिका सिटी फायर स्टेशन को सूचना दी। सीएफओ राहुलपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही दो गाडिय़ों के साथ टीम को मौके पर रवाना किया गया। आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर और फस्र्ट फ्लोर पर लगी थी। टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग काबू में नहीं आई। इसके बाद कोतवाली, वैशाली और खेकड़ा से फायर टेंडर मौके पर बुलाए गए। सीएफओ ने बताया कि टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों ओर से घेरते हुए आग को काबू किया। उन्होंने बताया कि आधा दर्जन फायर टेंडरों की मदद से लगभग पांच घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। दमकल की टीम की सजगता के कारण आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंचने दिया गया। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से फैक्ट्री में आग लगी थी। सीएफओ ने बताया कि आग के कारणों और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
तैयार और कच्चा माल जलकर हुआ खाक
ट्रोनिका सिटी के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जिस फैक्ट्री में आग लगी है उसने बडे पैमाने पर कपड़े के थैले और अन्य सामान बनाया जाता है। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री में ग्रांउड और फस्र्ट फ्लोर पर रखा तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आकर लाखों का कच्चा और तैयार माल जल गया।