/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/03/bz94vpZpvmgQY1fhlLIP.jpg)
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर शहर को पॉलिथीन और प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान में जन-जन को जागरूक किया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग एवं प्रवर्तन दल के संयुक्त प्रयास से कई महा अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया है। सभी जोनों में जोनल प्रभारियों के साथ रोस्टर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
उत्तर प्रदेश में अव्वल बना गाजियाबाद
नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि गाजियाबाद नगर निगम ने इस वर्ष उल्लेखनीय प्रगति की है। जहां पिछले वर्ष गाजियाबाद तीसरे स्थान पर था, वहीं इस बार मेहनत और प्रतिबद्धता के बल पर नगर निगम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में गाजियाबाद ने पॉलिथीन मुक्त अभियान के अंतर्गत लगभग 85 लाख रुपये की वसूली की है।
अन्य नगर निगमों की स्थिति
गाजियाबाद के बाद वाराणसी दूसरे स्थान पर है, जहां लगभग 45 लाख रुपये की वसूली की गई है। वहीं, लखनऊ नगर निगम तीसरे स्थान पर रहा, जिसने करीब 40 लाख रुपये की वसूली की है। यह आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि गाजियाबाद नगर निगम ने अभियान को गंभीरता से लिया और ठोस कार्य योजना के साथ उसे लागू किया।
कर्नल दीपक शरण के नेतृत्व में प्रवर्तन दल का सराहनीय योगदान
प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण की निगरानी में प्लास्टिक मुक्त अभियान लगातार तीव्र गति से चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त ने प्रवर्तन दल की सक्रियता और योगदान की विशेष प्रशंसा की, साथ ही बताया कि आगे भी इस अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
17 नगर निकायों में सबसे आगे गाजियाबाद
राज्य के 17 नगर निकायों में चलाए गए प्लास्टिक प्रतिबंध अभियानों में गाजियाबाद नगर निगम पहले स्थान पर रहा। नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि शहर में जहां एक ओर विकास कार्य जारी हैं, वहीं जल प्राधिकरण और जनसहयोग से यह अभियान भी सफल हो रहा है। जनता द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के बहिष्कार को एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
गाजियाबाद नगर निगम की यह उपलब्धि न केवल नगर के लिए गर्व की बात है बल्कि प्रदेश के अन्य नगर निगमों के लिए भी एक प्रेरणा है। जनसहयोग, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और सख्त प्रवर्तन ने मिलकर गाजियाबाद को यह उपलब्धि दिलाई है।