गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता।
टीला मोड़ क्षेत्र में एक पति ने पत्नी और ससुराल वालों के खिलाफ साजिश के तहत विवाह करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। थाने में सुनवाई नहीं होने पर पति ने अदालत का सहारा लिया। अदालत के आदेश पर टीला थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरु कर दी है।
ये है पूरा मामला
टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भनेड़ा खुर्द में रहने वाले अजय त्यागी दिल्ली में सरकारी स्कूल में टीचर हैं। अजय त्यागी के अनुसार 2019 में उनके पिता उनके लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। इस दौरान उन्हें मेट्रीमोनियल साइट पर एक अच्छा रिश्ता नजर आया। संपर्क करने पर मेरठ के रहने वाले रामनाथ त्यागी से बात हुई। बातचीत बढ़ी तो देखने की रस्म पूरी की गई। जिसके बाद रामनाथ त्यागी की बेटी मनीषा त्यागी से रिश्ता पक्का हो गया। आरोप है कि रिश्ता पक्का होने पर उन्हें मनीषा को अच्छे चरित्र और शांत स्वभाव की युवती बताया गया था। रिश्ता तय होने के बाद 20 नवंबर 2019 को सगाई हो गई। सगाई में वर पक्ष की ओर से महंगे उपहार भी दिए गए। सगाई होने के बाद मनीषा की भाभी ने लांचा की मांग की और मनीषा ने भी महंगे गिफ्ट की मांग शुरू कर दी। मनीषा ने 50 हजार रुपए के लहंगे और महंगे फोन की मांग की। जिसे उन्होंने पूरा किया। 30 जनवरी 2020 को उनकी शादी हो गई। शादी के बाद मनीषा का व्यवहार उनके और परिवार वालों के प्रति अच्छा नहीं था और वह पूरा दिन फोन पर किसी से बात करती रहती थी। खोजबीन करने पर पता चला कि मनीषा के दो युवकों से अफेयर थे। जिनसे वह शादी के बाद भी बात करती है। इस बारे में जब मनीषा से बात की गई तो उसने उन्हें डराना धमकाना शुरु कर दिया। मनीषा के घर वालों ने उन पर चुप रहने का दबाव बनाया। आरोप है कि इस दौरान 13 जुलाई 2020 को मनीषा के परिवार वाले उनके घर आए और उनके साथ मारपीट की और उनके घर से गहने और नकदी भी ले गए। जिसके संबंध में उन्होंने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई। फिलहाल मामला अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि हर तारीख पर मनीषा और उसके मायके वाले उनसे 60 लाख रुपए की मांग करते हैं।
साजिशन विवाह का आरोप
अजय त्यागी के अनुसार मनीषा ने उनसे साजिश के तहत विवाह किया था। जिससे शादी से पूर्व महंगे गिफ्ट ले सके और कुछ ही दिनों में झगड़ा करके समझौते के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूल कर सके। जिसके बाद वह अपने प्रेमी के साथ आराम से रह सके। इस साजिश में मनीषा के पिता, मां, भाई, भाभी और बहन भी शामिल थीं। पुलिस ने अदालत के आदेश पर मनीषा, उसके पिता रामनाथ त्यागी, मां कृष्णा त्यागी, भाई नमित त्यागी, भाभी काजल त्यागी, बहन सुषमा त्यागी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।