/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/07/ffoRNGf2hcriOAwAyt4m.jpg)
देहात क्षेत्र के डासना से अपने घर खोड़ा स्कूटी से लौट रही एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन झपटने की कोशिश की। बदमाश चेन लूटने में तो सफल नहीं हो सके। मगर, इस वारदात के दौरान स्कूटी फिसलने से महिला बुरी तरह से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ताज्जुब की बात तो ये है कि वारदात दिनदहाड़े दोपहर 12 बजे नेशनल हाईवे-9 पर हुई।
इस महिला के साथ हुई वारदात
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/07/4fMbds50lybM7mhIjwbQ.jpg)
सिटी जोन के खोड़ा कालोनी थाना क्षेत्र की वंदना एंक्लेव कालोनी में रहने वाले विपिन की पत्नी वंदना किसी काम से डासना जेल गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे वंदना अपनी स्कूटी से घर लौट रही थीं। वंदना जैसे ही एनएच-9 पर वेब सिटी गेट के सामने पहुंची पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींचने की कोशिश की। बदमाश चेन तो नहीं झपट पाए। मगर अचानक महिला को स्कूटी चलाते वक्त युवकों से लगे धक्के की वजह से स्कूटी का बेलेंस बिगड़ा और महिला सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गईं। इसी दौरान बाइक सवार लुटेरे फरार हो गए। आते-जाते लोगों ने महिला को सड़क किनारे किया और क्षतिग्रस्त स्कूटी को भी एक ओर करके पुलिस को वारदात की जानकारी दी।
लुटेरों का नहीं सुराग, महिला अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने लोगों की मदद से तुरंत ही लहुलुहान हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के हाथ-पैर, घुटनों, कोहनी और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वंदना ने घटना की बाबत वेब सिटी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।