ट्रांस हिंडन(गाजियाबाद), संवाददाता।
Ghaziabad की खोड़ा नगरपालिका में कई विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर पालिका की आठवीं बोर्ड बैठक में शहर के विकास के लिए अनेक प्रस्ताव पास हुए हैं। इससे आठ लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी। वित्त वर्ष 2025-26 में 93.29 करोड़ से विकास कार्य कराए जाएंगे। इससे यहां की करीब आठ लाख आबादी को राहत मिलेगी। योजना के तहत खोड़ा के प्रवेश द्वारों पर लगे साइन बोर्डों का मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।
बैठक का आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष मोहिनी शर्मा की अध्यक्षता में की गई, जिसमें 34 में से 33 सभासद शामिल हुए। खोड़ा में अप्रैल माह से विकास कार्यों को पंख लगेंगे। इसके लिए हुई आठवीं बोर्ड बैठक में कई प्रस्ताव पास हुए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से लेकर बच्चों के लिए स्कूलों का निर्माण भी शामिल है।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में दिल्ली व शहर की तर्ज पर भीड़-भाड़ और व्यस्त इलाकों में सीसीटीवी कैमरे व पीएस सिस्टम लगाने का प्रस्ताव पास हुआ है। इसका उद्देश्य महिला सुरक्षा है। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत सरस्वती विहार के प्राथमिक विद्यालय खोड़ा गांव व नेहरू गार्डन में माध्यमिक विद्यालय संचालित विद्यालयों के भवनों के निर्माण कार्यों व सुंदरीकरण का प्रस्ताव पास किया गया।
निगरानी के लिए बनेगा कंट्रोल रूम
/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/09/XvVCXg4bHQwblfbwaX7a.jpg)
जिन इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे उन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए नगर पालिका परिषद कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। यहीं से नगर पालिका व पुलिस टीम निगरानी करेगी।
नाले होंगे कवर, हादसे भी रुकेंगे
खोड़ा के चारों तरफ लगभग सात किलोमीटर नाले को ढ़के जाने पर भी बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई है। बताया जा रहा है कि इस कार्यों को होने से काफी राहत मिलेगी। खोड़ा क्षेत्र में खुले नालों के कारण बीते कुछ वर्षों में कई हादसे हो गए हैं।
सभासदों की निगरानी में समिति
भवन निर्माण समिति में वार्ड नंबर 25 के सभासद रामवीर यादव को अध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही अन्य सदस्य और भी शामिल हैं। दूसरी समिति स्वच्छता समिति बनाई गई है। इस समिति में वार्ड आठ के सभासद राहुल राजोरिया को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा चार सभासदों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। वार्ड-दो के सभासद सतीश कुमार गुप्ता ने बताया कि वार्ड-24 के सभासद गजेंद्र सिंह नेगी के साथ मिलकर दो निर्माण समिति बनाने का प्रस्ताव रखा था। जो पास हो गया है। इसके लिए दो समिति गठित भी कर दी गई हैं।
शहीद विजयंत थापर मार्ग का होगा नवनिर्माण
इससे पहले प्रगति विहार व संगम पार्क के दो प्राथमिक विद्यालयों का निर्माण कराया जा चुका है। इसके अलावा बदहाल सड़कों के निर्माण कार्यों पर बोर्ड के सदस्यों ने सहमति दी। इसके अलावा तीन वर्षों से अधर में लटके शहीद विजयंत थापर गेट का नवनिर्माण कराया जाएगा। खोड़ा में श्मशान घाट बनाने पर भी मुहर लगी है। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि अगले 10 दिन में प्रस्तावों की फाइनल सूची मंडलायुक्त को भेज दी जाएगी। करीब एक माह में कार्य शुरू हो जाएंगे।
बजट की स्थिति
/young-bharat-news/media/media_files/2025/03/09/HdTx6WwIbezuY6CbwkYt.jpg)
वित्तीय वर्ष 2024-25 से बची कुल राशि 24,46,00,000
वित्तीय वर्ष 2025-26 में आने की उम्मीद 72,48,55,000
कुल बजट 96,94,55,000
वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल अनुमानित खर्च 93,29,55,000
31 मार्च 2026 को बचने वाली राशि 3,65,00,000
अधिशासी अधिकारी कहिन
नगर पालिका परिषद खोड़ा के अधिशासी अधिकारी अभिषेक कुमार के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 93.29 करोड़ के विकास कार्य किए जाएंगे। बीते वित्तीय वर्ष के अटके और नए कार्यों पर बजट खर्च किया जाएगा। अगले एक माह में कार्य शुरू हो जाएंगे।