गाजियाबाद वाईबीएन संवाददाता
भारत एक भौगोलिक रूप से विविध और प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील देश है। भूकंप, बाढ़, तूफान, चक्रवात, और अन्य प्राकृतिक आपदाएं अक्सर जन-धन की भारी क्षति करती हैं। ऐसे में समय पर चेतावनी और सही जानकारी जीवन रक्षक सिद्ध हो सकती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा विकसित किया गया है 'सचेत' (Sachet) मोबाइल ऐप, जो आम नागरिकों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन में लगे कर्मियों के लिए भी एक महत्त्वपूर्ण उपकरण है।
एनडीएमए की बैठक में निर्देश
गाजियाबाद में अपर जिलाधिकारी सौरभ भट्ट ने बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई NDMA की आठवीं शासी निकाय की बैठक में यह निर्देश दिया गया कि एनसीसी कैडेट्स, पुलिस, अर्धसैनिक बलों, NDRF, SDRF और अन्य आपदा प्रतिक्रिया बलों के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 'सचेत' ऐप का उपयोग अनिवार्य किया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आपदा की स्थिति में सबसे पहले जानकारी प्राप्त करने वाले लोग पूरी तरह सतर्क और तैयार रहें।
बेहद उपयोगी सचेत ऐप
‘सचेत’ ऐप न केवल आपदा प्रबंधन कर्मियों को सूचनाएं प्रदान करता है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। यह ऐप मौसम की जानकारी, तापमान, वर्षा, भूकंप की तीव्रता, प्रदूषण स्तर, बिजली गिरने की चेतावनी, और अन्य आपदाओं के संबंध में “क्या करें और क्या न करें” जैसे महत्वपूर्ण निर्देश प्रदान करता है। ऐप का इंटरफेस उपयोगकर्ता अनुकूल है और यह कई भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे देश के कोने-कोने तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो सके।
तकनीक का सदुपयोग
आज जब मोबाइल हर व्यक्ति की पहुंच में है, तो इस ऐप के माध्यम से आपदा की तत्काल जानकारी प्राप्त कर समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचा जा सकता है। इससे न केवल जानमाल की हानि को कम किया जा सकता है, बल्कि आपदा के बाद के प्रबंधन में भी सहायता मिलती है। सचेत ऐप के जरिए उपयोगकर्ता सीधे राष्ट्रीय आपदा चेतावनी पोर्टल (https://sachet.ndma.gov.in) से जुड़ते हैं, जिससे उन्हें विश्वसनीय और वास्तविक समय पर आधारित जानकारी मिलती है।यह ऐप Google Play Store और Apple App Store दोनों पर उपलब्ध है। Android उपयोगकर्ता इसे यहां से और iOS उपयोगकर्ता यहां से डाउनलोड कर सकते हैं।