गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता। गाजियाबाद नगर निगम ने करदाताओं की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम कार्यालय में सिंगल विंडो हाउस टैक्स समाधान केंद्र की शुरुआत की गई है। यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी, जहां करदाता अपनी हाउस टैक्स से जुड़ी समस्याओं का समाधान पा सकेंगे और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
प्रमुख अधिकारी प्रतिदिन करेंगे समस्याओं का समाधान
नगर निगम के सदन कक्षा में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव एवं मुख्य नगर लेखा परीक्षक विवेक सिंह की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। दोनों अधिकारी प्रतिदिन करदाताओं से मिलकर उनके टैक्स से जुड़े प्रकरणों पर चर्चा करेंगे और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जोनल प्रभारी अपने क्षेत्रों में करेंगे सहायता
इसके अतिरिक्त, सभी जोनल प्रभारी को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जोनों में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक मौजूद रहें और करदाताओं को हाउस टैक्स से संबंधित जानकारी प्रदान करते हुए उनके मामलों का समाधान करें।
सेल्फ एसेसमेंट फॉर्म से करदाता बनें आत्मनिर्भर
नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपनी संपत्ति का कर स्वयं निर्धारित करने की अपील की है। इसके लिए करदाताओं को अपने संबंधित जोनल कार्यालय से सेल्फ एसेसमेंट फॉर्म प्राप्त कर उसे भरना होगा। इस प्रक्रिया से करदाता न केवल अपना टैक्स खुद तय कर सकेंगे, बल्कि यह व्यवस्था पारदर्शिता और स्वावलंबन को भी बढ़ावा देगी।
जोनल अधिकारी करेंगे मार्गदर्शन
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जोनल प्रभारी करदाताओं को सेल्फ एसेसमेंट फॉर्म भरने की पूरी जानकारी दें और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं। इससे करदाताओं को सही और सटीक जानकारी मिलेगी और उन्हें टैक्स प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
गाजियाबाद नगर निगम की यह पहल करदाताओं के लिए राहतदायक सिद्ध होगी। "सिंगल विंडो सिस्टम" और "सेल्फ एसेसमेंट" के माध्यम से न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा, बल्कि नागरिकों को कर निर्धारण की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर भी मिलेगा।