/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/08/WfhkwKXslIu12Asnl48y.jpg)
रोहित शर्मा एवं हेमलता शर्मा
गाजियाबाद वाईबीएन संवाददाता
ऑपरेशन सिंदूर ने देशवासियों के दिलों में गर्व और आत्मविश्वास की लहर दौड़ा दी है। यह सैन्य अभियान न केवल आतंकवाद के खिलाफ एक ठोस और निर्णायक कदम था, बल्कि पाकिस्तान समर्थित आतंकी गतिविधियों के प्रति भारत की सख्त नीति का प्रतीक भी बना। पहलगाम हमले के बाद उपजे जनाक्रोश के बीच यह ऑपरेशन भारत की सैन्य रणनीति और इच्छाशक्ति का स्पष्ट प्रमाण बनकर सामने आया है।
देशवासी खुश
समाजसेवी रोहित शर्मा, ग्रहणी हेमलता शर्मा, नाज़ मेहंदी, भाजपा नेत्री रितु त्यागी और अनेक नागरिकों ने इस अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उनका मानना है कि यह कार्रवाई आवश्यक थी, जिससे यह संदेश गया कि भारत अब किसी भी प्रकार की आतंकी गतिविधि को सहन नहीं करेगा। पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले ने देश के कोने-कोने में गुस्से की आग भड़का दी थी, और ऐसे समय में ऑपरेशन सिंदूर जैसे जवाब ने आम नागरिकों को सुकून पहुंचाया।
उच्च स्तरीय अभियान
समाजसेवी रोहित शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक सुनियोजित और उच्चस्तरीय सैन्य अभियान था, जिसमें दुश्मनों के अड्डों को निशाना बनाकर उन्हें भारी क्षति पहुँचाई गई। यह ऑपरेशन भारतीय सेना की रणनीतिक चतुराई, साहस और तकनीकी दक्षता का सशक्त उदाहरण है। इस अभियान की सफलता से यह स्पष्ट हो गया है कि भारत की सेना किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है और देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सेना दृढ़ संकल्पित
ग्रहणी हेमलता शर्मा ने कहा कि देशवासियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान इस बात का प्रतीक है कि जब सरकार और सेना दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करती है, तो उसका सीधा असर आम जनता के आत्मबल पर पड़ता है। यह जीत सिर्फ एक सैन्य सफलता नहीं, बल्कि जनता के मनोबल की भी जीत है। महिलाओं ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब देश सुरक्षित होता है, तभी घर-परिवार में शांति बनी रहती है। हेमलता शर्मा और नाज़ मेहंदी जैसी गृहणियों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर ने उनके अंदर एक नए विश्वास का संचार किया है।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/08/zY7sSzccD9uwCgjcVLaS.jpg)
सेना का पराक्रम
राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी इस ऑपरेशन की सराहना हो रही है। भाजपा नेत्री रितु त्यागी ने इसे प्रधानमंत्री की सशक्त विदेश नीति और सेना के पराक्रम का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जब सरकार और सेना एकजुट होकर कार्य करती है, तो ऐसे ही परिणाम सामने आते हैं।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/08/7QoNbY2pdksxx9rD5wWW.jpg)
आत्मरक्षा का अधिकार
ग्रहणी नाज मेहंदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के आत्मरक्षा के अधिकार, राष्ट्रीय अखंडता और संप्रभुता की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुआ है। यह देश के हर नागरिक को यह विश्वास दिलाता है कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा, और हर आक्रोश का उत्तर ठोस कार्यवाही से दिया जाएगा।