गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी, महानगर गाज़ियाबाद द्वारा पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान-2025 के अंतर्गत आयोजित पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन HLM कॉलेज, दिल्ली-मेरठ रोड पर भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को संगठित कर ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने की, जबकि भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज पोशवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन के मुख्य आयोजक मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी रहे, जिनके प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री बलदेव राज शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा और आशा शर्मा, पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिरोही, चेयरमैन राजन चौधरी, पूर्व अध्यक्ष अरविंद भारतीय, अमर दत्त शर्मा, पूर्व एमएलसी सुरेश कश्यप, ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी और राहुल चौधरी डैनी, महामंत्री सुशील गौतम सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे।
सैकड़ों प्रतिनिधियों ने लिया संकल्प
सम्मेलन में सैकड़ों पंचायत प्रतिनिधियों, नगर निगम व नगरपालिका प्रतिनिधियों ने भाग लिया और स्थानीय शासन में सक्रिय सहयोग, पारदर्शिता एवं योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प को दोहराया।
नेताओं ने रखे अपने विचार
भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि लोकतंत्र की रीढ़ हैं। हम पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर के सेवा और न्याय के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुँचा रहे हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज पोशवाल ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन नारी सशक्तिकरण और जनसेवा की मिसाल है। यह सम्मेलन जनप्रतिनिधियों में नई ऊर्जा और दिशा देगा। भाजपा पंचायत सशक्तिकरण व ग्रामीण-शहरी संतुलन के लिए प्रतिबद्ध है।
मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांवों का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता से मूलभूत सुविधाओं को मजबूती मिल रही है। यह सम्मेलन संगठन से जुड़ाव और सुशासन में भागीदारी को और सशक्त करेगा।
विधायक अजीत पाल त्यागी ने सभी अतिथियों व प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
सजीव संचालन और सक्रिय सहयोग
कार्यक्रम का संचालन बॉबी त्यागी द्वारा किया गया। आयोजन में गौरव चोपड़ा, धीरज शर्मा ने सहयोग दिया और प्रदीप चौधरी ने मीडिया समन्वय की भूमिका निभाई।
यह सम्मेलन न केवल भाजपा संगठनात्मक मजबूती का परिचायक बना, बल्कि जनप्रतिनिधियों को पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में नए विचारों और संकल्पों से भी जोड़ा।