/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/24/20250724_133719_0000-2025-07-24-13-38-55.jpg)
पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी को दी श्रद्धांजलि
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता
उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय तक अपनी सादगी और जनसेवा के लिए पहचान बनाने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक स्वर्गीय राजपाल त्यागी के निधन से समूचे राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक उनके लोहिया नगर स्थित आवास पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना देते हुए दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुखद अवसर पर श्री चौधरी और श्री पाठक ने स्व. राजपाल त्यागी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके पुत्र, वर्तमान विधायक अजीत पाल त्यागी सहित शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाया। दोनों नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस दुख की घड़ी में भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है।
भूपेंद्र चौधरी भी पहुंचे
प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि, "राजपाल त्यागी एक सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले समर्पित जननेता थे। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन जनसेवा को समर्पित कर दिया। उनके विचार और कर्म राजनीति में आदर्श प्रस्तुत करते हैं। उनका निधन प्रदेश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। वहीं उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्व. त्यागी को याद करते हुए कहा, "राजपाल त्यागी ने समाज के हर वर्ग के लिए बिना भेदभाव के कार्य किया। उनका नेतृत्व, विचार और व्यवहार आज भी राजनीति में आदर्श की मिसाल हैं। हम सभी उनके दिखाए गए मार्ग पर चलकर उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।
सब किया नमन
श्रद्धांजलि देने पहुंचे भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल भी इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्व. त्यागी के कार्यों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। स्वर्गीय राजपाल त्यागी ने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया। एक जनप्रिय नेता के रूप में उनकी पहचान थी, और वे हर वर्ग के लोगों से जुड़े हुए थे।उनका निधन केवल एक राजनीतिक शख्सियत का अंत नहीं, बल्कि एक ऐसे युग का अवसान है जिसमें राजनीति को सेवा का माध्यम माना जाता था। उनका जीवन आज की पीढ़ी के जनप्रतिनिधियों के लिए एक प्रेरणा है।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us