/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/13/img-20251013-wa0220-2025-10-13-12-47-47.jpg)
भाजपा की प्रेस वार्ता
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता
नेहरू नगर स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता आयोजित हुई। इस मौके पर सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा मौजूद रहे। बैठक में “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत चल रहे कार्यक्रमों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी गई।
स्वदेशी और आत्म निर्भरता
अतुल गर्ग ने बताया कि इस अभियान का मकसद समाज के हर वर्ग को “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” के संदेश से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। देशभर में कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं, संवाद और जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1 से 5 अक्टूबर तक वक्ता कार्यशालाएं हुईं और 2 अक्टूबर को गांधी और शास्त्री जयंती पर “स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम” आयोजित हुआ। 9 से 18 अक्टूबर तक सभी जिलों में “स्वदेशी मेले” लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय उत्पादों और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। नवंबर में भाषण, निबंध, क्विज़ प्रतियोगिताएं और महिला व युवा सम्मेलन होंगे। दिसंबर में “घर-घर संपर्क अभियान” चलाकर हर घर और दुकान तक स्वदेशी का संदेश पहुँचाया जाएगा।
वोकल फॉर लोकल
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने की जिम्मेदारी भाजपा कार्यकर्ताओं ने ली है। उन्होंने बताया कि “मन की बात” कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जो आह्वान किया था, उसे हर नागरिक तक पहुँचाया जाएगा। विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान सिर्फ सरकारी योजना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है। गाजियाबाद में मंडल और बूथ स्तर पर टीमें बनाकर जनजागरूकता का काम किया जा रहा है।
आत्मनिर्भर भारत
मयंक गोयल ने बताया कि अभियान के पहले चरण में रैलियां, बूथ बैठकें और कार्यशालाएं पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में गाजियाबाद सबसे आगे रहेगा। हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दे, यही इस अभियान का उद्देश्य है।उन्होंने बताया कि अभियान की गतिविधियां सोशल मीडिया पर #GharGharSwadeshi और #AtmanirbharBharat हैशटैग के साथ साझा की जाएंगी ताकि अधिक लोग जुड़ सकें।प्रेस वार्ता में सुशील गौतम, प्रदीप चौधरी, कामेश्वर त्यागी, नवनीत मित्तल और पुष्पेंद्र गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।