/young-bharat-news/media/media_files/2025/08/25/20250825_091508_0000-2025-08-25-09-16-33.jpg)
भाजपा का कार्यक्रम
गाज़ियाबाद, वाईबीएन संवाददाता
भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सिकंदर बख्त की 107वीं जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने स्व. बख्त के योगदान को याद करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।कार्यक्रम का आयोजन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की पहल पर किया गया था। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एस. एम. अकरम और ज़ाकिर हुसैन, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर प्रदेश कुंवर बासित अली, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. असलम फहीम सैफी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। श्रद्धांजलि सभा का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता और अधिवक्ता जावेद खान सैफ ने किया।
भगवा कमांडर....
सूत्रों के अनुसार, इस मौके पर एक बड़ा सवाल यह भी चर्चा में रहा कि भगवा कमांडर ने स्व. सिकंदर बख्त को श्रद्धांजलि देना उचित नहीं समझा। बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान वह कार्यालय में मौजूद थे, लेकिन फिर भी उन्होंने श्रद्धांजलि सभा में भाग नहीं लिया। इस पर पार्टी के अंदरखाने में तरह-तरह की चर्चाएं भी उठीं।
राष्ट्रवाद और सेवा
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि सिकंदर बख्त भारतीय राजनीति के आदर्श व्यक्तित्व थे। उन्होंने जीवनभर देशहित और समाज सेवा को सर्वोपरि माना। उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रवाद की भावना आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि स्व. बख्त ने संगठन की मजबूती और समाज में सद्भावना स्थापित करने के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया।प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वर्गीय बख्त जी का जीवन भाजपा की मूल विचारधारा – राष्ट्रवाद और सेवा – का प्रतीक रहा है। उन्होंने संगठन के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने कार्यकाल में जिस निष्ठा के साथ सेवा की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरक है।इस अवसर पर डॉ. रिजवान मीर (निवर्तमान अध्यक्ष, पश्चिम उत्तर प्रदेश), सरदार बलप्रीत सिंह (महानगर अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा), सरदार तरनजीत सिंह (प्रदेश उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा) सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर स्व. सिकंदर बख्त जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
प्रेरणादायक जीवन
कार्यक्रम की जानकारी भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी ने साझा की। उन्होंने बताया कि श्रद्धांजलि सभा का उद्देश्य केवल बख्त जी को याद करना ही नहीं था, बल्कि उनके आदर्शों और उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाना भी है।कुल मिलाकर, श्रद्धांजलि सभा भाजपा संगठन के लिए एक यादगार क्षण साबित हुई। जहां एक ओर वरिष्ठ नेताओं ने बख्त जी के योगदान को याद किया, वहीं दूसरी ओर भगवा कमांडर की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही। बावजूद इसके, सभा ने यह संदेश दिया कि सिकंदर बख्त जैसा व्यक्तित्व हमेशा भारतीय राजनीति और भाजपा संगठन में आदर्श के रूप में याद किया जाएगा।