/young-bharat-news/media/media_files/2025/09/27/untitled-design_20250927_103000_0000-2025-09-27-10-31-51.jpg)
एसीपी प्रियाश्री पाल स्कूल की बच्चों के साथ
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता
मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए थाना वेव सिटी क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने किया। एसीपी प्रियाश्री पाल हमेशा ही नारी सशक्तिकरण को महत्व देती हैं साथ ही उनका प्रयास रहता है कि वह महिला संबंधी मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हुए महिलाओं को न्याय दिलाने का प्रयास करें।
महिला सशक्तिकरण
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डासना क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं और छात्राओं से संवाद स्थापित किया। इस मौके पर उन्होंने महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है। अजनबी लिंक पर क्लिक न करना, ओटीपी साझा न करना और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सुरक्षित रखना महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है।
पुलिस है साथ
प्रियाश्री पाल ने उपस्थित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की असुविधा, असुरक्षा या समस्या होने पर पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। उन्होंने महिलाओं और छात्राओं को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090, महिला सहायता नंबर 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी और इनके प्रयोग की प्रक्रिया भी समझाई।उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को इसमें सहयोग करना चाहिए।
जागरूकता बेहद आवश्यक
छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व पर भी जागरूक किया गया और उनसे कहा गया कि वे किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके।इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं में सुरक्षा को लेकर आत्मविश्वास जागृत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश देने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से होने चाहिए, जिससे समाज में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो।