/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/16/nZnmRfmHCKYM2Jw7dPNf.jpg)
Photograph: (File)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्कः यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की अमेरिका पहुंचे तो यूरोप के नेताओं को चिंता सताने लगी। सात यूरोपीय नेता राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को एकतरफा फैसले लेने से रोकने के लिए वाशिंगटन पहुंच गए। यूरोपीय नेताओं को आशंका थी कि ट्रम्प यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की पर दबाव डाल सकते हैं और यूक्रेन की सुरक्षा की गारंटी दिए बिना उन्हें मजबूर कर सकते हैं कि वो अपना इलाका रूस को को दें। माना जा रहा है कि ट्रम्प एक ऐसा शांति समझौता चाहते हैं, जिसमें जमीन की अदला-बदली शामिल हो। उन्हें न तो यूक्रेनी संप्रभुता की चिंता है और न ही यूरोप के लिए रूसी खतरों की। उनकी एकमात्र चिंता शांति समझौता है। वो नोबेल प्राइज हासिल करने पर आमादा हैं।
यूक्रेन को जमीन छोड़ने पर मजबूर कर सकते हैं ट्रम्प
यूरोपीय नेता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ महत्वपूर्ण वार्ता के लिए वाशिंगटन पहुंच चुके हैं। ट्रम्प यूक्रेन में युद्ध रोकने के लिए जेलेंस्की पर जमीन और नाटो से जुड़ी महत्वाकांक्षाओं को छोड़ने का दबाव बना रहे हैं। ट्रम्प और यूक्रेनी राष्ट्रपति आमने-सामने की बैठक करेंगे। इसमें ब्रिटिश प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, इतालवी प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब भी शामिल होंगे। व्हाइट हाउस के मुताबिक नाटो प्रमुख मार्क रूट और यूरोपीय आयोग प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी इस बैठक में शामिल होंगे। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा- व्हाइट हाउस में एक बड़ा दिन। इतने सारे यूरोपीय नेता एक साथ यहां कभी नहीं आए। अमेरिका के लिए यह बहुत बड़ा सम्मान है।
अहम बैठकों से पहले जेलेंस्की ने कहा कि रूस को उसके युद्ध के लिए पुरस्कार नहीं दिया जाना चाहिए। यूक्रेनी नेता ने सोशल मीडिया पर कहा- पुतिन यूक्रेन और यूरोप पर दबाव बनाए रखने के साथ-साथ कूटनीतिक प्रयासों को नीचा दिखाने के लिए हत्याएं करेंगे। रूस को इस युद्ध के लिए पुरस्कृत नहीं किया जाना चाहिए।
फरवरी में ट्रम्प ने जेलेंस्की को लगाई थी फटकार
ये बैठकें शुक्रवार को अलास्का में ट्रम्प और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई शिखर वार्ता के बाद हो रही हैं, जो युद्धविराम पर सहमति नहीं बना पाई। फरवरी में ट्रम्प और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ हुए विवाद के बाद यह पहली बार होगा जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वाशिंगटन का दौरा कर रहे हैं। फरवरी में दोनों नेताओं ने यूक्रेनी नेता को फटकार लगाई थी। माना जा रहा है कि यूरोपीय नेता ट्रम्प और जेलेंस्की के बीच उस बैठक की पुनरावृत्ति को रोकने की कोशिश करेंगे।
एक्सपर्ट कहते हैं कि ये वही नेता हैं जिन्होंने युद्ध की शुरुआत में यूक्रेन को वह सब कुछ देने से इनकार कर दिया था जो उसने मांगा था। यूक्रेन को सहायता देने के लिए राजी करने में उन्हें बहुत समय लगा। यूरोप के नेताओं को लगता है कि ट्रम्प, पुतिन की पेशकश के झांसे में आ गए हैं। उसके बाद ही सभी यूरोपीय राजधानियों में खतरे की घंटी बज गई।
अभी भी एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं यूक्रेन और रूस
यूक्रेन ने कहा कि रूस ने नई वार्ता से पहले यूक्रेन पर अपने हमले जारी रखे। रविवार देर रात और सोमवार तड़के के बीच देश पर कम से कम 140 ड्रोन और चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेनी शहर खार्किव में भोर से ठीक पहले एक पांच मंजिला अपार्टमेंट पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम सात लोग मारे गए। उधर, मास्को का कहना है कि खेरसॉन और डोनेट्स्क क्षेत्रों के रूसी-कब्जे वाले हिस्सों में यूक्रेनी गोलाबारी में दो लोग मारे गए।
हालांकि फरवरी में जेलेंस्की के साथ ओवल ऑफिस विवाद के बाद से ट्रम्प, पुतिन की और अधिक आलोचना करने लगे हैं। लेकिन वाशिंगटन ने मास्को पर अतिरिक्त प्रतिबंध नहीं लगाए हैं। 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से अलास्का में पुतिन के भव्य स्वागत को रूस के लिए एक कूटनीतिक तख्तापलट के रूप में देखा गया।
ट्रम्प, जेलेंस्की, वाशिंगटन, पुतिन, यूरोपियन नेता, Trump, Zelensky, Washington, Putin, European leaders