Advertisment

Hong Kong: भीषण आग में अब तक 75 की मौत, 77 वर्षों के बाद चीन में दूसरी बड़ी त्रासदी

बुधवार को लगी भीषण आग में अब तक 75 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। अभी भी 60 से अधिक लोग बहुमंजिला इमारतों में फंसे हुए हैं। चीन में 77 वर्षों के बाद यह दूसरी बड़ी त्रासदी मानी जा रही है।

author-image
Dhiraj Dhillon
Hong Kong Fire

हांगकांग, वाईबीएन न्यूज। हांगकांग के ताई पो इलाके में बुधवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे शहर को दहला दिया। इस हादसे में अब तक लगभग 75 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 70 से अधिक घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं। बता दें कि चीन में 77 वर्षों के बाद यह दूसरी बड़ी त्रासदी मानी जा रही है। 1948 में एक गोदाम में लगी भीषण आग में 174 लोगों की जान चली गई थी। घटना के बाद राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरा शोक जताया है।

स्टायरोफोम के चलते आग तेजी से फैली

शुरुआती जांच में पता चला है कि इमारतों की मरम्मत में इस्तेमाल किए गए अत्यंत ज्वलनशील स्टायरोफोम के चलते आग तेजी से फैली। स्टायरोफोम (थर्माकोल) जल्दी जलता है और आग को तेजी से बढ़ाता है। इस कारण सात इमारतें पूरी तरह से आग की चपेट में आ गईं। जांच अधिकारियों ने हर फ्लोर की लिफ्ट विंडो के बाहर ज्वलनशील  स्टायरोफोम और नॉन-स्टैंडर्ड मटीरियल होने की पुष्टि की। इमारतों के बाहर लगी जाली और शीटिंग भी सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरी। जांच में तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें मरम्मत कंपनी के दो डायरेक्टर और एक कंसल्टेंट शामिल हैं। इन पर गैर-इरादतन हत्या और गैर-मानक सामग्री का प्रयोग करने का आरोप है। आरोपियों ने स्कैफोल्डिंग नेट और स्टायरोफोम का इस्तेमाल किया था, जिससे आग तेजी से फैल गई।

अभी सात इमारतों में 60 से अधिक लोग फंसे हैं

अधिकारियों के अनुसार अभी सात इमारतों में 60 से अधिक लोग फंसे हैं। बचाव दल 31 मंजिला इमारतों में लोगों को निकालने और आग को काबू करने में जुटा है। अब तक कई लोगों और पालतू जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गहरा दुख जताया और शीघ्र राहत कार्य का निर्देश दिया। हांगकांग के नेता जॉन ली ने अस्पताल में घायल लोगों से मुलाकात की और आग लगने के कारणों व स्कैफोल्डिंग के उपयोग की जांच का आदेश दिया। मरम्मत कार्य की कुल लागत 330 मिलियन हांगकांग डालर (लगभग 380 करोड़ रुपये) थी। घटना के बाद हांगकांग प्रशासन ने शहर के सभी हाउसिंग एस्टेट्स में मरम्मत और सुरक्षा उपायों की व्यापक जांच का आदेश दिया है।
Hong Kong Fire | china news | china news today
china news china news today Hong Kong Fire
Advertisment
Advertisment