Advertisment

नोबल पीस प्राइजः हिलेरी क्लिंटन ने ऐसा क्या कहा जो ट्रम्प हो गए बागबाग

हिलेरी ने कहा- अगर वह इस भयानक युद्ध को समाप्त कर सकते हैं, अगर वह यूक्रेन को ऐसी स्थिति में डाले बिना इसे समाप्त कर सकते हैं जहां उसे अपना क्षेत्र हमलावर को सौंपना पड़े तो वह वास्तव में पुतिन के सामने खड़े हो सकते हैं।

author-image
Shailendra Gautam
trump

नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्कः  कभी डोनाल्ड ट्रम्प की प्रतिद्वंदी रहीं हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि अगर रूस को कुछ दिए बिना अमेरिकी प्रेजीडेंट यूक्रेन का युद्ध समाप्त करने में सफल होते हैं तो वह उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित करेंगी। ट्रम्प ने जवाब में कहा कि उन्हें अपनी पूर्व राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन को पसंद करना शुरू करना पड़ सकता है।

"रेजिंग मॉडरेट्स" पॉडकास्ट के दौरान बोलीं हिलेरी 

क्लिंटन ने यह टिप्पणी "रेजिंग मॉडरेट्स" पॉडकास्ट के दौरान जेसिका टारलोव से बातचीत करते हुए की। हिलेरी ने कहा- अगर वह इस भयानक युद्ध को समाप्त कर सकते हैं, अगर वह यूक्रेन को ऐसी स्थिति में डाले बिना इसे समाप्त कर सकते हैं जहां उसे अपना क्षेत्र हमलावर को सौंपना पड़े तो वह वास्तव में पुतिन के सामने खड़े हो सकते हैं। ऐसा कुछ जो हमने नहीं देखा है, लेकिन शायद यही वह अवसर है। अगर हमारे राष्ट्रपति ऐसा करते तो मैं उन्हें नोबेल पुरस्कार के लिए नामांकित करती। उन्होंने कहा- क्योंकि मेरा लक्ष्य पुतिन के सामने आत्मसमर्पण नहीं होने देना है। क्लिंटन का यह बयान ऐसे समय आया जब ट्रम्प तीन साल से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ऐतिहासिक वार्ता कर रहे थे। 

ट्रम्प ने हिलेरी को दिया अपने ही अंदाज में जवाब

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्हें अपनी पूर्व राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन को पसंद करना शुरू करना पड़ सकता है, क्योंकि हिलेरी ने सुझाव दिया था कि अगर वह रूस और यूक्रेन के बीच सफलतापूर्वक समझौता करवा लेते हैं, तो वह उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामांकित करेंगी। ट्रम्प ने कहा है कि उनका मानना है कि पुतिन एक समझौता करना चाहते हैं और इसके असफल होने की संभावना केवल 25 प्रतिशत है।
ट्रम्प ने यह टिप्पणी एयर फ़ोर्स 1 में अमेरिकी पत्रकार ब्रेट बेयर के साथ एक साक्षात्कार के दौरान की। बेयर ने क्लिंटन की इस टिप्पणी की ओर इशारा किया कि अगर ट्रम्प रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आगे झुके बिना संघर्ष को समाप्त करने में कामयाब हो जाते हैं तो वह उन्हें नामांकित करेंगी। ट्रम्प ने कहा- वाकई यह बहुत अच्छा था, मुझे शायद उन्हें फिर से पसंद करना शुरू करना पड़ेगा।

हिलेरी को हराकर राष्ट्रपति बने थे ट्रम्प

ट्रम्प और क्लिंटन के बीच प्रतिद्वंद्विता का एक लंबा इतिहास रहा है। 2016 के चुनाव प्रचार के दौरान क्लिंटन ने ट्रम्प के समर्थकों पर तंज कसा था। कहा था कि वह राष्ट्रपति बनने के लिए स्वभाव से भी अयोग्य हैं। उन्होंने यूक्रेन पर रूस के आक्रमण से कई साल पहले ट्रम्प की उस प्रशंसा की भी आलोचना की थी, जिसमें वो पुतिन को सराह रहे थे। ट्रम्प ने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी क्लिंटन को हराया था। 

Nobel Peace Prize, Hillary Clinton, Trump

donald trump trump DonaldTrump
Advertisment
Advertisment