नैरोबी वाईबीएन नेटवर्क।
दक्षिण सूडान में एक और विमान हादसा हुआ है, इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई है। चमत्कारिक रूप से यात्रियन विमान का केवल एक यात्री बच गया। यह विमान चीनी तेल कंपनी ग्रेटर पायनियर ऑपरेटिंग कंपनी का था। विमान सुबह 10:30 बजे दक्षिण सूडान के यूनिटी राज्य में एक तेल क्षेत्र के पास उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान दक्षिण सूडान की राजधानी जुबा जा रहा था। सूचना मंत्री गैटवेच बिपल ने बताया कि विमान में 21 लोग सवार थे। इसमें दो पायलट भी शामिल थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में सवार सभी यात्री एक तेल कंपनी के कर्मचारी थे, मरने वालों में से ज़्यादातर दक्षिणी सूडान के रहने वाले हैं, जो इस चीनी तेल कंपनी के लिए काम करते थे। मरने वालों में एक भारतीय और दो चीनी नागरिक हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक मृतकों की पहचान उजागर नहीं की है।
दक्षिण सूडान में एसएसबीसी न्यूज से जुड़े चोल अटक ने एक्स पर अपने पोस्ट में बताया कि विमान दुर्घटना में बचने वाले व्यक्ति का नाम इमैनुएल मेकर है। वह ग्रेटर पायनियर कंपनी का इंजीनियर है। उसे घायल अवस्था में एयरलिफ्ट कर जुबा ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है।
तेल मंत्री में भी दिया बयान
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण सूडान के तेल मंत्री पुओतकांग चोल ने केन्या की राजधानी नैरोबी में पत्रकारों से बात करते हुए इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, 'हम इस घटना से बहुत दुखी हैं।' चोल दक्षिण सूडान में चल रही राजनीतिक हिंसा को खत्म करने के लिए शांति वार्ता में हिस्सा लेने नैरोबी आए थे। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। दक्षिण सूडान के राष्ट्रपति साल्वा कीर ने परिवहन मंत्रालय को घटना की जांच करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना न केवल पूरे देश के लिए बल्कि तेल उद्योग के लिए भी बड़ा झटका है।