दबंगों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि अब वे आम आदमी तो दूर, पुलिसवालों पर भी जानलेवा हमला करने लगे हैं, वह भी पुलिस चौकी के भीतर। मंगलवार को जूही थाना इलाके की ऐसी ही एक घटना से हड़कंप मचा रहा। आसपास इलाके में भी सनसनी रही। जिसने भी आनंदपुरी पुलिस चौकी में हुई यह घटना सुनी, अवाक रह गया।
बारादेवी के होटल पर की सिपाही की पिटाई, लड़की को छू गया था हाथ
बारादेवी स्थित फर्रुखाबाद होटल में सोमवार रात लड़की के साथ एक दबंग युवक विजय तिवारी पहुंचा। दोनों ने पहले खाना खाया। खाना खाकर दोनों बाहर निकले। बाइक से निकलने ही वाले थे कि इसी बीच वहीं ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही का हाथ बाइक में पीछे बैठी लड़की को छू गया। बस इतने पर ही दबंग युवक तमतमा उठा। उसने बिना कुछ जाने समझे सिपाही की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई से सिपाही घायल हो गया। लोगों की भीड़ बढ़ने पर युवक अपने साथ लड़की को लेकर निकल गया।
सिपाही ने लिखाई रिपोर्ट, पुलिस पकड़कर लाई तो किया कांच से किया लहूलुहान
मंगलवार रात की इस घटना के बाद घायल सिपाही ने दबंग युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार दोपहर दबंग लड़के विजय को दबोच लिया। उसे पुलिस चौकी लाया गया तो यहां भी उसने पुलिसवालों से अभद्रता शुरू कर दी।
मेज पर रखा कांच का सामान तोड़कर किया हमला
दबंग युवक से पूछताछ चल रही थी। मेज पर कांच का कुछ सामान रखा था। तमतमाए युवक ने वही सामान उठाकर तोड़ा और उसी कांच से पुलिसवालों पर हमला कर दिया। उसके हमले में कांच लगने से एसआई और एक सिपाही लहूलुहान हो गए। यह देख बाकी स्टाफ ने किसी तरह हमलावर युवक पर काबू पाया और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। युवक के खिलाफ पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया जा रहा है। पकड़ा गया आरोपी विजय तिवारी थाना जूही क्षेत्र का रहने वाला है।