हेयर ट्रांसप्लांट के बाद दो इंजीनियरों की मौत के मामले की आरोपी डॉ. अनुष्का तिवारी सोमवार को अदालत में हाजिर हो गई। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
18 दिन से फरार थी, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में गई जेल
इस मामले में काकादेव थाने में रिपोर्ट दर्ज है। अनुष्का तिवारी 18 दिनों से फरार थी। उसकी तलाश में पुलिस यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों की खाक छान रही थी। आरोप है कि अनुष्का तिवारी ने इंजीनियर दिलीप दुबे और मयंक कटियार का हेयर ट्रांसप्लांट किया था। ट्रांसप्लांट के कुछ ही घंटे बाद दोनों की तबीयत बिगड़ी और दोनों का चेहरा सूज गया था। 24 घंटे में ही दोनों ने दम तोड़ दिया था। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
किया था अग्रिम जमानत का प्रयास
इस बाबत डीजीसी क्राइम दिलीप अवस्थी ने बताया कि डॉ. अनुष्का ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी लगाई थी, जिसके नामंजूर होने पर उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया है। दोनों इंजीनियरों की मौत के बाद परिवार वालों ने डॉक्टर के खिलाफ काकादेव थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
डॉ. मनीष सिंह के ट्रीटमेंट करने की कही थी बात
कुछ दिन पहले डॉ. अनुष्का ने कहा था कि उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट नहीं किया था, बल्कि बर्रा निवासी डॉ. मनीष सिंह ने ट्रीटमेंट किया था। एसीपी कल्याणपुर अभिषेक पांडेय ने बताया कि हेयर ट्रांसप्लांट में दो इंजीनियरों की मौत के मामले में आरोपी डॉ. अनुष्का फरार चल रही थीं। पुलिस की कई टीमें डॉ. अनुष्का की तलाश में छापेमारी कर रही थीं।
40 हजार में की थी सर्जरी
पुलिस की छानबीन में यह जानकारी सामने आई थी कि महज 40 हजार रुपए में हेयर ट्रांसप्लांट किए गए थे और डॉ. अनुष्का ने ही दोनों की सर्जरी की थी। डॉ. अनुष्का तिवारी के पास मानव रचना डेंटल कॉलेज से बीडीएस की डिग्री है। बीडीएस की डिग्री के बाद हेयर ट्रांसप्लांट की बात सुनकर पुलिस के अफसर हैरान हैं। अनुष्का तिवारी के पति सौरभ ने भी महाराणा प्रताप डेंटल कॉलेज से पढ़ाई की है.