/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/02/aoiQPrTjTHiG2ayWBmOy.jpg)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते गोविंदनगर से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी। Photograph: (फोटो-वाईबीएन)
कानपुर, वाईबीएन संवाददाता
गंभीर बीमारियों से जूझ रहे गरीब मरीजों को गोविंदनगर से भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने शुक्रवार को फिर बड़ी राहत दी। इस बार उन्होंने ऐसे 31 मरीजों को मुख्यमंत्री से 61 लाख 37 हजार 500 रुपये की रकम जारी कराई। अब ये मरीज अच्छे अस्पताल में अपना बढ़िया इलाज करा सकेंगे।
पहले भी 19 बार कर चुके हैं गरीब मरीजों की मदद
सुरेंद्र मैथानी लगातार दूसरी बार गोविंदनगर से विधायक बने हैं। इससे पहले भी वे 19 बार गरीब मरीजों को मुख्यमंत्री के कोटे से आर्थिक मदद दिलवा चुके हैं। यह उनका बीसवां प्रयास है, जिसमें उन्होंने हर जाति धर्म के गरीब मरीजों के लिए बड़ा काम किया है।
ईश्वर को समर्पित की यह सेवा
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने आज शुक्रवार को मुख्यमंत्री से लखनऊ में उनके पांच कालिदास मार्ग पर भेंट की और अनुरोध करके उनसे 31 मरीजों के लिए यह रकम जारी कराई। विधायक ने कहा कि गंभीर जानलेवा बीमारी से पीड़ित 31 व्यक्तियों को योगी जी से आर्थिक सहयोग दिला कर उन्होंने पुनः ईश्वरीय कार्य करने का अवसर प्राप्त किया है। हमारे संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने वाली यह सेवा भी ईश्वर के चरणों में समर्पित है।
मजबूर गरीबों की सेवा ही जीवन का लक्ष्य
विधायक ने कहा कि मजबूर गरीबों की सेवा ही उनके जीवन का लक्ष्य है। ऐसे लोगों की जान बचाने के लिए मैं अपना सब कुछ समर्पित करते हुए उस परिवार के आंसुओं को रोकने का पूरा प्रयास करता हूं। गरीबों जरूरतमंदों की जान तो ईश्वर बचाएगा, लेकिन हम माध्यम बनकर स्वयं को पुण्य का भागीदार जरूर बना सकते हैं।
शब्दों में बयां नहीं हो सकती इस आनंद की अनुभूति
विधायक ने कहा कि पैसे के अभाव में नर्सिंगहोम वाले गरीबों का इलाज नहीं करते हैं। इससे उस परिवार के सदस्य की मौत हो जाती है, जिसका कारण पैसा होता है। हम पैसा दिलाकर जब किसी की जान बचाते हैं तो उस आनंद की अनुभूति शब्दों में बयां नहीं की जा सकती।
आदर्श विधानसभा बनेगा गोविंद नगर क्षेत्र
विधायक ने कहा कि सड़क, नाली, खरंजा, पार्क पुल, पेयजल एवं सीवर आदि सुविधाओं पर जनता का अधिकार है। हम पूरी ईमानदारी के साथ जनता को विकास कार्य समर्पित करते हैं। इस दिशा में गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र बनाने का काम जारी है। परंतु इन सबसे ऊपर उठकर भी हम अपने संवैधानिक अधिकारों का एवं अपने संपर्क संबंधों का प्रयोग करते हुए यदि किसी परिवार के सदस्य की जान बचा लें तो इससे बड़ा पुण्य का कार्य दूसरा नहीं हो सकता।
निरंतर जारी रहेगा मदद का यह अभियान
उन्होंने कहा कि यह कार्य हम निरंतर जारी रखेंगे। व्यक्ति, किसी भी धर्म क्षेत्र भाषा भाषी का हो, उसको सहयोग कराते हुए स्वास्थ्य लाभ दिलाने के दृढ़ संकल्प को हम आगे बढ़ाएंगे। विधायक ने कहा भरोसा जताया कि इस पुनीत कार्य में उन्हें मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और सहयोग लगातार मिलता रहेगा। इसके लिए उन्होंने अपने और गरीब परिवारों की ओर से सीएम का आभार भी जताया।