प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 अप्रैल को कानपुर दौरे को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन तो अलर्ट है ही, शासन के अधिकारी भी एक टांग पर खड़े नजर आ रहे हैं। व्यवस्थाएं चौकचौबंद कराने के लिए अफसरों को धड़ाधड़ दौरे हो रहे हैं। परियोजनाओं का निरीक्षण चल रहा है, ताकि कहीं कोई कमीवेशी न रह जाए। दूसरी ओर भाजपाई भी खूब उत्साहित हैं। मोदी के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं के लिए लगातार बैठकें हो रही हैं। हर ओर दिशा-निर्देशों का दौर चल रहा है। कार्यकर्ताओं को अपने अपने मोर्चों पर मुस्तैद रहने की हिदायत दी जा रही है।
यूपीसीबी के चेयरमैन ने किया बिनगवा और जाजमऊ में निरीक्षण
मंगलवार को यूपीसीबी के चेयरमैन आर.पी सिंह कानपुर पहुंचे। उन्होंने कानपुर के बिनगवा ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षक कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। साथ ही जाजमऊ भी गए। यहां टेनरी लाइन का निरीक्षण किया। जाजमऊ में चल रहे टेनरी लाइन के काम को जून तक खत्म करने का निर्देश दिया। मोदी के इन स्थानों के भी दौरे की संभावना है, इसलिए अधिकारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे हैं। यूपीसीबी के चेयरमैन आर.पी सिंह के दौरे के दौरान कार्यदायी कंपनी के अधिकारी भी उनके साथ रहे।
पांच-पांच बसों से आएंगे युवा व पिछड़ा मोर्चों के कार्यकर्ता
पीएम मोदी के कानपुर आगमन को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा की संयुक्त बैठक जिला कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने युवा मोर्चा को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी। इसके अलावा युवा मोर्चा 5 बसों व दुपहिया वाहनों से हजारों युवाओं के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। पिछड़ा मोर्चा भी 5 बसों और दो पहिया और चार पहिया वाहनों से कार्यक्रम में पहुंचेगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में प्रमुख रूप शिवांग मिश्रा, अनुभव कटियार, पवन गुप्ता, रजत मिश्रा, शिवम्, कुशवाहा, मनोज प्रधान, अमन गुप्ता, शालनी शिवम् दुबे, अनुराग द्विवेदी, मीनाक्षी गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
इस अंदाज में मोदी का स्वागत करेगा महिला मोर्चा
भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के महिला मोर्चा की बैठक जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने जिला कार्यालय में आहूत की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने महिला मोर्चा को कार्यक्रम स्थल में आने के लिए 10 बसें आवंटित की हैं। महिला मोर्चा की बहनें मोदी के स्वागत के लिए हाथों में प्ले कार्ड लेकर खड़ी होंगी। इन प्ले कार्डों में मोदी ने महिला सशक्तिकरण व महिलाओं को जो सौगातें दी हैं, उनका जिक्र करते हुए आभार प्रकट करेंगी। इसके अलावा मातृ शक्ति भगवा रंग की साड़ी पहनकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगी।
बैठक में इनकी रही भागीदारी
बैठक में प्रमुख रूप से रीता शास्त्री, सरोज सिंह, सीमा तिवारी, किरन तिवारी, अनीता चतुर्वेदी, नीलम मिश्रा, लवली सक्सेना, बीना सिंह चौहान, गुंजन शर्मा, शुभ्रा अवस्थी, सुमन सक्सेना, शोभा शुक्ला, अनीता सोनी, सुमन वर्मा आदि उपस्थित रहीं।