मौसम विभाग की ओर से जैसी संभावनी जताई जा रही थी, नौतपा के पहले दिन ठीक वैसा ही हुआ। अरब सागर में बने शक्ति नामक चक्रवात की वजह से नम हवाओं का सिलसिला तेज हुआ और नौतपा के पहले दिन यानी 25 मई रविवार को भगवान भास्कर की तपिश में वो तल्खी गायब रही जो नौतपा में होनी चाहिए।
दोपहर को भी तपिश का अहसास नहीं हुआ
रविवार को कानपुर में दिन के 11 बजे तक आसमान में बादल रहे। इससे मौसम सुहाना रहा। सूर्य की गर्मी का जरा भी अहसास नहीं हुआ। 12 बजे के बाद सूर्य की गर्मी में कुछ तेजी आई, पर नौतपा जैसी तेज धूप और गर्मीं का असर दिखाई नहीं दिया। लू चलने का अहसास भी नहीं हुआ, जबकि नौतपा में गर्मी और लू के थपेड़े हर किसी को बेहाल कर देते हैं।
समय से पहले मिली मानसून की आहट
इसी के साथ इस बार समय से पहले मानसून के आगमन की आहट भी मिलने लगी है। रविवार को कानपुर के आसपास के जिलों में बारिश होती रही। इस वजह से इस बार नौतपा में झुलसाने वाली गर्मी की जगह आंधी, बारिश, ओले पड़ने के आसार बन हैं।
पारा 40 से ऊपर जाने के आसार नहीं, 30, 31 को बारिश की संभावना
ऐसे में नौतपा में दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर जाने की उम्मीद नहीं है। अमूमन नौतपा में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है। मौसम विभाग के अनुसार 30 और 31 मई को पूरे देश में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को जिस तरह से अरब सागर की नम हवाएं उत्तर प्रदेश में आई हैं, उनसे बारिश की संभावना और बढ़ गई है।
कानपुर-बुंदेखलखंड में बारिश संग रहेगा तेज हवाओं का जोर
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इस महीने के आखिरी दो दिनों में पूर्वी यूपी में तेज बारिश की संभावना दिख रही है। कानपुर-बुंदेखलखंड क्षेत्र में बारिश के साथ तेज हवाओं का जोर अधिक रहेगा। इसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
.. तो दस दिन पहले 20 जून तक आ सकता है मानसून
उन्होंने बताया कि इस बार मानसून भी पहले आने की संभावना है। कानपुर में आम तौर पर मानसून की आहट 30 जून के आसपास होती रही है। इस बार यदि चक्रवात का रुख इसी तरह बना रहा तो मानसून 10 दिन पहले 20 जून तक आ सकता है। इस बीच शनिवार को दिन का पारा 36.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से चार डिग्री कम है। रात का पारा 26.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है।