कानपुर,वाईबीएन नेटवर्क।
कानपुर देहात के मूसानगर थानाक्षेत्र में स्थित यमुना नदी में शुक्रवार दोपहर नहाने गए चार युवक डूब गए। एक को तो मछुआरों ने बचा लिया जबकि तीन पानी के भंवर में फंसकर गहराई में चले गए। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम बुलाकर तलाश शुरु कराई दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। तीसरे की तलाश में पुलिस व एसडीआरएफ की टीम लगी है। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने घाट पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्यों की जानकारी ली तथा परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया।
कैसे हुआ हादसा?
शुक्रवार दोपहर, होली खेलने के बाद मुक्ता देवी घाट पर कुछ युवक नहाने गए थे। इसमें सचिन (20), जतिन (23), मनीष (22) और प्रिंस (23) नदी में उतरे, जबकि उनके दोस्त निखिल (20) और पप्पू (21) किनारे पर बैठे थे। प्रिंस गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में सचिन, जतिन और मनीष भी डूब गए। मौके पर मछुआरों ने जतिन को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया। चार घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मनीष का शव बरामद किया।
यह भी पढ़ें: Kanpur Crime: लापता नाविक का मिला शव, पिता ने लगाया यह बड़ा आरोप
प्रिंस की तलाश जारी
चौथे युवक प्रिंस की तलाश शनिवार देर रात तक जारी रही, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम लगातार यमुना में सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मंत्री ने लिया जायजा, परिजनों को बंधाया ढांढस
कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मृतकों के परिवारों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिया। होली पर घटी इस घटना से पूरे मूसानगर में मातम छाया हुआ है। परिजन गमगीन हैं, वहीं प्रशासन की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।