/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/24/TxmdzOpqd7b6y6BQrjTO.jpeg)
परिवहन निगम में 1164 मृतक आश्रितों को मिलेगी नौकरी Photograph: (Social Media)
लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) में पिछले करीब आठ साल से नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे मृतक आश्रितों का इंतजार आखिरकार गुरुवार को खत्म हो गया। राज्य कैबिनेट ने इन आश्रितों को नौकरी देने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। सार्वजनिक उपक्रमों और निगमों में मृतक आश्रितों की नियुक्ति पर 11 जुलाई, 2003 से रोक लगी हुई थी। अब इस फैसले के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी।
2003 से भर्तियों पर लगी रोक
परिवहन निगम में 1164 मृतक आश्रितों की भर्ती की मांग लंबे समय से लंबित थी। करीब 22 साल पहले निगमों में ऐसी भर्तियों पर रोक लगने के कारण इन आश्रितों को नौकरी नहीं मिल पा रही थी। बीते महीने परिवहन निगम मुख्यालय पर इन आश्रितों ने अपनी मांगों को लेकर धरना भी दिया था। उस दौरान निगम के जीएम (कार्मिक) अशोक कुमार ने जीएम (संचालन) अंकुर विकास से इस बारे में रिपोर्ट मांगी थी। वहीं, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने भी आश्वासन दिया था कि भर्तीयां जल्द पूरी की जाएंगी। इस बार निगम ने खाली पदों के साथ-साथ मृतक आश्रितों की नियुक्तियों का प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट को भेजा था। अब कैबिनेट से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है, जिससे मृतक आश्रितों की नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है।
जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
परिवहन निगम के जनसंपर्क अधिकारी और एआरएम अमर सहाय ने बताया कि अनुकंपा के आधार पर 1164 मृतक आश्रितों की भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी मिल गई है। अब जल्द भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। वहीं, निगम कर्मचारी संघ की ओर से विभाग से रिक्त पदों पर नियमित नियुक्तियां करने की मांग भी की जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन पदों पर भी जल्द नियुक्तियां की जाएंगी।