Advertisment

लखनऊ में पहले बड़े मंगल पर होंगे 348 भंडारे, हनुमान मंदिरों के आस-पास हुई साफ-सफाई

नगर निगम की ओर से बताया गया कि अब तक शहर के आठों जोन में कुल 348 भंडारों के आयोजन के लिए कॉल सेंटर और लखनऊ वन ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।

author-image
Deepak Yadav
एडिट
bada mangal bhandara

लखनऊ में पहले बड़े मंगल पर होंगे 348 भंडारे Photograph: (Social Media)

Listen to this article
0.75x1x1.5x
00:00/ 00:00

लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। राजधानी में पहले  बड़े मंगल के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जगह-जगह भंडारों के आयोजन को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां कर ली हैं। महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके श्रीवास्तव ने सोमवार को कई प्राचीन हनुमान मंदिरों का दौरा किया। इस निरीक्षण के दौरान जोन-3 के जोनल अधिकारी अमरजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी जितेंद्र गांधी, सेनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टर संचिता मिश्रा और प्रमोद गौतम और कंट्रोल रूम टीम लीडर सुबोध भी मौजूद रहे।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने साफ-सफाई का लिया जायजा

डॉ. श्रीवास्तव ने गुलाचीन मंदिर, बड़े हनुमान मंदिर और छोटे हनुमान मंदिर का निरीक्षण किया और वहां की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि कुछ जगहों पर नालियों में सिल्ट और कचरे की सफाई ठीक से नहीं हुई थी, जिस पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्य तुरंत पूरा कराया जाए। 

भंडारों के आयोजन से पहले और बाद में सफाई के निर्देश

नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन जगहों पर भंडारे आयोजित होने हैं, वहां आयोजन से पहले और तुरंत बाद सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आयोजकों से समन्वय बनाकर डस्टबिन की व्यवस्था कराना और कूड़ा उठवाना अनिवार्य होगा। नगर निगम की ओर से बताया गया कि अब तक शहर के आठों जोन में कुल 348 भंडारों के आयोजन के लिए कॉल सेंटर और लखनऊ वन ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इस आंकड़े से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस बार भी बड़े मंगल पर शहर भर में जगह-जगह भंडारे लगेंगे और भारी भीड़ उमड़ेगी। इस दौरान नगर निगम की टीम हर जोन में तैयार रहेगी, ताकि भंडारे वाले स्थानों पर साफ-सफाई, कूड़ा उठान और पेयजल की व्यवस्था समय से हो सके।

किस जोन में कितने भंडारे होंगे


जोन               भंडारों की संख्या      
जोन-1                44 
जोन-2                19
जोन-3                58
जोन-4                63 
जोन-5                14
जोन-6                26 
जोन-7                73
जोन-8                51 

शहरवासियों से अपील, भंडारे की सूचना समय से दें

Advertisment

नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 1533 पर कॉल करके या लखनऊ वन ऐप के माध्यम से अब भी लोग अपने भंडारे रजिस्टर कर सकते हैं। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने लोगों से अपील की है कि भंडारे की जानकारी कम से कम 24 घंटे पहले दें, जिससे नगर निगम की टीम आयोजन स्थल पर समय से पहुंचकर साफ-सफाई की व्यवस्था कर सके। नगर निगम का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के पूजा-पाठ और प्रसाद वितरण कर सकें और शहर की सफाई भी बनी रहे।

जोनवार सहायता और टोल फ्री नंबर

जोन 1, 3, 4, 6, 7 में लखनऊ स्वच्छता अभियान की टीम जिम्मेदारी निभाएगी। इन क्षेत्रों में भंडारे की सूचना टोल फ्री नंबर 180012349999 पर दी जा सकती है।  जोन 2, 5 और 8 में लॉयन इनवायरो सफाई की व्यवस्था संभालेगा। यहां के आयोजक टोल फ्री नंबर 18002026172 पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।

Advertisment
Advertisment