लखनऊ वाईबीएन संवाददाता। समाजवादी पार्टी Samajwadi Party के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) में वाराणसी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के समारोह में अव्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कोरोना दान हजम करने वाले भाजपाईयों की नजर अब क्या कन्या दान पर भी है। यह बेहद शर्मनाक है। ये प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र का हाल है।
सुरसा के मुंह की तरह बढ़ा रहा भाजपाइयों का भ्रष्टाचार
सपा प्रमुख ने शुक्रवार को एक्स पर वाराणसी में हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का वीडियो पोस्ट किया। जिसमें भोजन वितरण की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थीं। स्टालों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी और देखते ही देखते वहां भोजन मिलना मुश्किल हो गया। अखिलेश यादव ने पोस्ट में लिखा कि भ्रष्टाचार के लिए भाजपाइयों का पेट सुरसा के मुंह जैसा है। भाजपाई ‘कोरोना दान’ का तो खा गये अब क्या ‘कन्या दान’ का भी… शर्मनाक! ये तो प्रधान संसदीय क्षेत्र का हाल है। जनता पूछ रही है कि इसकी जांच वहां वाले इंजन करेंगे या यहां वाले? जब सारा हिसाब-किताब दोनों मिलकर करते हैं तो जाँच की औपचारिकता भी दोनों को मिलकर करनी चाहिए।
सामूहिक विवाह में भोजन व्यवस्था चरमराई
दरअसल, वाराणसी के हरहुआ स्थित काशी कृषक इंटर कॉलेज मैदान में गुरूवार को यूपी सरकार के मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में भोजन वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थीं। जैसे ही खाना परोसना शुरू हुआ, वहां भारी भीड़ उमड़ी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ लोग जबरन भोजन लेने लगे। जिससे हालात बेकाबू हो गए। कर्मचारी स्टॉल छोड़कर भाग गए। नवविवाहित जोड़े और उनके परिजन भूखे रह गए। कई महिलाएं और बुजुर्ग भूखे-प्यासे लौट गए।