लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। अमिताभ ठाकुर ने योगी आदित्यनाथ के सोशल मीडिया X पर किए गए एक पोस्ट को लेकर थाना हजरतगंज में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
18 फरवरी की पोस्ट के खिलाफ शिकायत
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते है। ठाकुर अब उत्तर प्रदेश सूबे के मुखिया के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने पर अड़े है। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री ने 18 फरवरी 2025 को दोपहर 1:23 बजे अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक ऐसी टिप्पणी की है, जिससे धार्मिक विभाजन को बढ़ावा मिल रहा है।
विशेष धर्म के खिलाफ अपमानजनक भावना फैलाने का आरोप
अमिताभ ठाकुर ने अपने प्रार्थना पत्र में कहा है कि योगी आदित्यनाथ की यह टिप्पणी समाज में धर्म के आधार पर विभाजन उत्पन्न करती है और एक विशेष धर्म के लोगों के प्रति जानबूझकर अपमानजनक भावना फैलाती है। उन्होंने बताया कि योगी आदित्यनाथ पर पहले भी सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने से संबंधित कई मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, चुनाव आयोग ने भी समय-समय पर इस संदर्भ में उनके विरुद्ध कार्रवाई की है।
मीडिया में बयान जारी कर दी जानकारी
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे उच्च संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति पर इस प्रकार के आरोप अत्यंत गंभीर हैं, इसलिए तत्काल एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। इस मामले की सूचना उन्होंने मीडिया में अपना बयान जारी कर की है।