लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
नगर निगम की ओर से आज सीतापुर रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की गई। जोनल अधिकारी अमरजीत यादव के नेतृत्व में 296 कर्मचारियों की टीम के साथ यह अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत केशव नगर मोड़ से की गई, जो कि सेन्ट जोसेफ स्कूल तक के मुख्य मार्ग को कवर करता है। इस क्षेत्र में लंबे समय से सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे आमजन को यातायात में कठिनाई हो रही थी। नगर निगम ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आज अभियान को अंजाम दिया।
आवागमन में बन रही थी रोड़ा
जोनल अधिकारी के साथ कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, राजस्व निरीक्षक उदय त्रिपाठी, बीरेन्द्र कुमार और आजाद अहमद भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त मड़ियाव थाने की पुलिस फोर्स, थानाध्यक्ष के नेतृत्व में, अभियान को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में सहयोग करती रही। अभियान के दौरान मुख्य मार्ग से सब्जी और फलों के 32 ठेले हटाए गए। साथ ही 6 गुमटियों को भी मार्ग से हटाकर स्थान खाली कराया गया। इसके अलावा 25 अस्थायी दुकानों को तोड़ा गया, जो बिना अनुमति के सड़क किनारे लगाई गई थीं और आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रही थीं।
सुगम यातायात के लिए चला अभियान
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जनता को सुगम यातायात और साफ-सुथरा वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से चलाया गया है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमण विरोधी अभियान निरंतर जारी रहेंगे और किसी को भी सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की इस कार्यवाही का स्वागत किया और कहा कि इससे रास्ते चौड़े हुए हैं और पैदल चलने में भी आसानी हो रही है। नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया, तो उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जा सकता है।