लखनऊ, वाईबीएन संवाददाता
नगीना सांसद चंद्रशेखर रावण (Chandrashekhar Ravan ) पर हुए हमले और मथुरा में दलित लड़की के साथ हुई घटना से नाराज आजाद समाज पार्टी (ASP) आसपा और भीम आर्मी के कार्यकर्ता सोमवार को सड़क पर उतर आए। रविवार को चंद्रशेखर को वाराणसी में रोका गया था। कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण शहर के कई इलाकों में जाम लग गया। कार्यकर्ता यूपी विधानसभा की ओर कूच करने की तैयारी कर रहे हैं। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। परिवर्तन चौक, हजरतगंज, चारबाग में पुलिस फोर्स तैनात है। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका गया।
यूपी में दलित होना अपराध
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम अपने नेता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष करते रहेंगे। सरकार की तानशाही नहीं चलने दी जायेगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यूपी में दलित होना अपराध बन चुका है। प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। अपराधियों के हौसले बुलंंद हैं। मथुरा में दबंगों ने शादी समारोह के दौरान किए गए उत्पात से मारपीट के बाद दो सगी बहनों की बारात लौट गई। पुलिस-प्रशासन नरंकुश बना रहा।
कई नेता नजरबंद
सांसद चंद्रशेखर के आहवान पर आजाद समाज पार्टी ने आज यूपी विधानसभा घेरने का एलान किया था। इसके चलते पुलिस ने आजाद समाज पार्टी के कई नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया है। चंदौली पुलिस ने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण को डिटेन किया है। इसी बीच प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ किशोर को भी हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। प्रदेश कार्यालय प्रभारी अमित गौतम भी हाउस अरेस्ट हैं। मंडल उपाध्यक्ष रोहित राव चौधरी को भी नजरबंद किया गया है। सुरक्षा के लिए भारी संख्या में आरएएफ, पीएसी और आरआरएफ जवानों व पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
पुलिस को सौंपा ज्ञापन
इस प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, उपाध्यक्ष सौरभ किशोर, कोषाध्यक्ष अमित गौतम, सचिव अनिकेत धानुक और जिलाध्यक्ष अजय भारती समेत कई जिलों के कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलिस की मुस्तैदी के चलते प्रदर्शन को जल्द ही समाप्त करवा दिया गया और कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेकर सभी को वापस कर दिया है।